सरगुजा में रिकार्ड ठंड, अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री: उत्तरी शीतलहरों के कारण कड़ाके की ठंड, नवंबर में ठंड के सारे रिकार्ड टूटे – Ambikapur (Surguja) News
कड़ाके की ठंड के बीच मैनपाट की सुहानी सुबह
सरगुजा में शीतलहर के कारण पिछले पांच दशक में सर्वाधिक ठंड पड़ रही है। शुक्रवार को अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री दर्ज किया गया जो अब तक दर्ज औसत से 6.4 डिग्री नीचे है। इसके पहले गुरुवार को अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री दर्ज किया गया था।
.
उत्तरी सर्द हवाओं के कारण सरगुजा संभाग में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। शीतलहरों के कारण न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट जारी है। शुक्रवार इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। शुक्रवार सुबह न्यनूतम तापमान 7 डिग्री दर्ज किया गया है, जो अब तक के रिकार्ड में 20 नवंबर के पहले दर्ज सबसे कम तापमान है। यह ठंड का नया रिकार्ड है। इस दौरान अधिकतम तापमान कुछ बढ़ा है और गुरुवार को अधिकतम तापमान 26.9 डिग्री दर्ज किया गया है।
पाट से लेकर मैदानी इलाकों में कड़ाके की ठंड सरगुजा के पाट क्षेत्र मैनपाट, बलरामपुर के सामरीपाट एवं कोरिया जिले के सोनहत क्षेत्र में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है और दिन में भी सर्द हवाएं ठिठुरा रही है। हालांकि पाट क्षेत्रों में मैदानी इलाकों के आसपास ही तापमान दर्ज किया गया है। मंगलवार को मैनपाट का न्यूनतम तापमान 4 डिग्री दर्ज किया गया था और मैनपाट में पाले भी पड़े थे।
जारी रह सकता है शीतलहरों का असर मौसम विभाग ने सरगुजा संभाग में शीतलहर का असर जारी रहने का पूर्वानुमान है। सरगुजा संभाग के सभी जिलों में शीतलहरों के कारण कड़ाके की ठंड पड़ रही है। आगामी दिनों में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री से भी नीचे जा सकता है।
मौसम विज्ञानी एएम भट्ठ ने बताया कि, नवंबर के पहले पखवाड़े में इस वर्ष ठंड का रिकार्ड बन गया है। मौसम साफ रहने एवं उत्तरी सर्द हवाओं के तेजी से प्रवेश करने के कारण न्यूनतम तापमान लगातार गिरा है। फिलहाल मौसम में बदलाव के आसार नहीं हैं।
मौसमी बीमारी से पीड़ित हो रहे लोग नवंबर महीने में तापमान में लगातार गिरावट का विपरीत असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ा है। कड़ाके की ठंड के बावजूद अभी स्कूलों के संचालन का समय नहीं बदला गया है। निजी और दो पालियों में लगने वाले सरकारी स्कूल सुबह 7.00 और 7.30 बजे से लग रहे हैं। कड़ाके की ठंड के कारण बच्चे ठंड लगने के कारण सर्दी, जुकाम और मौसमी बीमारियों से पीड़ित हो रहे हैं। अभिभावक संघ ने भी स्कूलों के समय को लेकर चिंता जताई है।
कड़ाके की ठंड के कारण शाम होते ही सड़कों में आवाजाही कम होने लगी है। बाजार भी जल्दी बंद होने लगे हैं। नगर निगम द्वारा भी अभी तक अलाव की व्यवस्था नहीं की गई है। कड़ाके की ठंड से लोग परेशान हैं।
इस तरह गिरा अंबिकापुर का तापमान
| तारीख | अधिकतम तापमान |
न्यूनतम तापमान |
| 04 नवंबर 2025 | 28.3°C | 12.4°C |
| 05 नवंबर 2025 | 28.7°C | 12.7°C |
| 06 नवंबर 2025 | 28.7°C | 13.1°C |
| 07 नवंबर 2025 | 28.6°C | 13.4°C |
| 08 नवंबर 2025 | 28.2°C | 10.9°C |
| 09 नवंबर 2025 | 26.8°C |
8.2°C |
| 10 नवंबर 2025 | 26.4°C | 8.6°C |
| 11 नवंबर 2025 | 26.8°C | 7.6°C |
| 12 नवंबर 2025 | 26.2°C | 7.7°C |
| 13 नवंबर 2025 | 26.6°C | 7.4°C |
| 14 नवंबर 2025 | 26.9°C | 7.0°C |
Source link










