विज्ञापन दें / सहयोग करें

बीजापुर में हालात सुधरे, महाराष्ट्र मार्ग पर आवागमन शुरू: इंद्रावती का जलस्तर घटा; तेलंगाना मार्ग पर अब भी बाढ़ का असर – Bijapur News



बस्तर संभाग में पांच दिनों तक हुई लगातार बारिश के बाद अब हालात धीरे-धीरे सामान्य होने लगे हैं। पिछले दो दिनों से बारिश थमने के बाद बीजापुर जिले में बाढ़ का असर कम हुआ है। संभाग में लगातार बारिश से बीजापुर जिले में जनजीवन प्रभावित हुआ था। इंद्रावती नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही थी, जिससे कई इलाके बाढ़ की चपेट में आ गए थे। भोपालपटनम विकासखंड के चंदनगिरी, तिमेड, देपला और तारलागुड़ा जैसे इंद्रावती नदी के किनारे स्थित इलाकों में बाढ़ का सर्वाधिक प्रभाव देखा गया। चंदनगिरी में देर रात बाढ़ के पानी में फंसे 190 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला गया। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF), राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) और नगर सेना की टीमें राहत और बचाव अभियान में सक्रिय रहीं। बाढ़ में फंसे परिवारों का किया गया रेस्क्यू उसूर विकासखंड के लंकापल्ली, डल्ला, बांडागुड़ा और नरसापुर क्षेत्रों में भी कई परिवार बाढ़ में फंस गए थे। प्रशासनिक अधिकारियों और पटवारियों की टीमों ने नदी और बाढ़ के पानी के बीच पहुंचकर प्रभावित लोगों, जिनमें माताएं और मासूम बच्चे शामिल थे, को सुरक्षित निकाला। बाढ़ के कारण ये लोग इलाज के लिए जिला मुख्यालय तक नहीं पहुंच पा रहे थे। इंद्रावती और गोदावरी नदियों के जलस्तर में वृद्धि के कारण छत्तीसगढ़-तेलंगाना राष्ट्रीय राजमार्ग-163 और छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र राष्ट्रीय राजमार्ग-63 पर भी आवागमन बाधित हुआ था। दो दिनों से बारिश न होने के कारण बाढ़ का पानी कम हुआ है, जिससे भोपालपटनम-तिमेड होते हुए सिरोंचा, महाराष्ट्र जाने वाले मार्ग पर आवागमन फिर से शुरू हो गया है। हालांकि, छत्तीसगढ़ से तेलंगाना जाने वाले मार्ग पर अभी भी कई स्थानों पर बाढ़ का पानी जमा है, जिसके कारण आवाजाही पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाई है। उधर, तेलंगाना में गोदावरी नदी के उफान का असर अब भी बरकरार है। भद्राचलम में बाढ़ का संकट बना हुआ है। ऐसे में हैदराबाद जाने वाले यात्रियों के लिए फिलहाल छत्तीसगढ़ से तिमेड, सिरोंचा होते हुए हैदराबाद जाने वाला मार्ग एक वैकल्पिक रास्ता बना हुआ है।


<

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button