बिजली दर बढ़ोतरी, स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस का आंदोलन: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में प्रेसवार्ता कर कहा, घर-घर भरवाए जाएंगे आवेदन, CM आवास घेरने की तैयारी – Gaurela News
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिला कांग्रेस कमेटी ने शनिवार को जिला प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता कर बिजली दरों में बढ़ोतरी, स्मार्ट मीटर और 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना बंद किए जाने के विरोध में चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि बिजली की बढ़ती कीमतों से आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष गजमती भानु ने बताया कि प्रदेशभर में बिजली दर वृद्धि के विरोध में पत्रकार वार्ताएं आयोजित की जा रही हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता अगले दो महीने तक घर-घर जाकर स्मार्ट मीटर हटाने के लिए आवेदन भरवाएंगे और बिजली दर बढ़ोतरी के विरोध में आम लोगों से हस्ताक्षरयुक्त विरोध पत्र भी एकत्र करेंगे। जिला बिजली कार्यालय से लेकर CM आवास तक होगा प्रदर्शन वरिष्ठ कांग्रेस नेता पुष्पराज सिंह ठाकुर ने बताया कि अभियान के दौरान जुटाए गए आवेदन और विरोध पत्रों के साथ पहले जिला बिजली कार्यालयों का घेराव किया जाएगा। संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर उसकी पावती ली जाएगी। इसके बाद प्रदेशभर से एकत्रित पावतियों के साथ मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने की रणनीति बनाई गई है। बिजली दरों में लगातार बढ़ोतरी का लगाया आरोप ओम प्रकाश बंका और अर्चना पोर्ते ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने जुलाई से घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 30 से 50 पैसे प्रति यूनिट, गैर-घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 20 से 40 पैसे और कृषि पंपों की बिजली दर में 40 पैसे प्रति यूनिट की वृद्धि की है। उनका दावा है कि भाजपा सरकार बनने के बाद यह बिजली दरों में लगातार पांचवीं बढ़ोतरी है। स्मार्ट मीटर पर भी उठाए सवाल कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर के माध्यम से बिजली खपत अधिक दर्ज की जा रही है। उनका कहना है कि उपभोक्ताओं का अनुबंधित भार बढ़ाकर अधिक खपत दिखाई जाती है और निर्धारित सीमा से ज्यादा उपयोग बताकर अतिरिक्त अर्थदंड जोड़कर बिजली बिल भेजे जा रहे हैं। कांग्रेस ने इन मुद्दों पर सरकार से तत्काल निर्णय वापस लेने की मांग की है। कई कांग्रेस नेता रहे मौजूद पत्रकार वार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष गजमती भानु, डॉ. के.के. ध्रुव, पुष्पराज सिंह ठाकुर, ओम प्रकाश बंका, अर्चना पोर्ते, गुलाब राज, कुशराम सिंह, शंकर कंवर, दया सिंह वाकरे, पवन केशरवानी, यासर खान सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
<











