विज्ञापन दें / सहयोग करें

सतनामी समाज एसपी से मिला,तीन मामलों में न्याय की मांग: महासमुंद में हत्याकांड, मारपीट और जातिसूचक गाली के मामलों पर सौंपा ज्ञापन – Mahasamund News



महासमुंद जिले के तीन अलग-अलग मामलों में न्याय की मांग को लेकर सोमवार को प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज के पदाधिकारी और पीड़ित परिवार पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार से मिले। प्रतिनिधिमंडल ने तीनों मामलों की निष्पक्ष और वैज्ञानिक जांच की मांग करते हुए आरोप लगाया कि अब तक की कार्रवाई में कई महत्वपूर्ण पहलुओं की अनदेखी हुई है। प्रतिनिधिमंडल ने सबसे पहले खल्लारी थाना क्षेत्र के ग्राम झारा निवासी भारती टंडन हत्याकांड का मुद्दा उठाया। मृतका के परिजनों ने पुलिस द्वारा केवल एक नाबालिग को आरोपी बनाए जाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि हत्या के बाद शव को रेत में दफनाकर साक्ष्य मिटाने जैसी घटना किसी एक व्यक्ति के बस की बात नहीं लगती। भारती टंडन हत्याकांड की दोबारा जांच की मांग परिजनों ने यह भी दावा किया कि घटना की रात आरोपी नाबालिग के पिता गांव में यह कहते रहे कि उनका बेटा पूरी रात घर पर था। समाज ने इस विरोधाभास का हवाला देते हुए पूरे मामले की पुनः निष्पक्ष और वैज्ञानिक जांच कराने की मांग की। सपना बार मारपीट मामले में जमानत रद्द करने की मांग प्रतिनिधिमंडल ने सपना बार में विवेक कुर्रे के साथ हुई मारपीट और कथित जातिसूचक टिप्पणी का मामला भी उठाया। समाज का आरोप है कि घटना में गुरु घासीदास बाबा के संबंध में भी अभद्र टिप्पणी की गई, जिससे समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। प्रतिनिधियों ने कहा कि गंभीर धाराओं में मामला दर्ज होने के बावजूद आरोपी हर्ष चंद्राकर की जमानत का प्रभावी विरोध नहीं किया गया। उन्होंने आशंका जताई कि आरोपी जमानत पर बाहर आने के बाद पीड़ित पर दबाव बना सकता है। इसलिए जमानत निरस्त कराने की कार्रवाई की मांग की गई। बिरकोनी मामले में कार्रवाई में देरी पर सवाल तीसरे मामले में बिरकोनी निवासी रामुदास मांडे ने सरपंच चंदन चंद्राकर पर सार्वजनिक स्थान पर जातिसूचक गाली-गलौज का आरोप लगाया। समाज का कहना है कि तीन प्रत्यक्षदर्शी गवाह होने के बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे पुलिस की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं। एसपी ने दिया निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा प्रतिनिधिमंडल की बात सुनने के बाद पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने तीनों मामलों में निष्पक्ष, पारदर्शी और विधिसम्मत जांच का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से भारती टंडन हत्याकांड में जांच के दौरान यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी बिना किसी भेदभाव के सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में भारती टंडन के माता-पिता, विवेक कुर्रे, रामुदास मांडे सहित प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज के जिलाध्यक्ष विजय बंजारे, जिला सचिव रेखराम बघेल और बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।


<

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button