बीजापुर में तेंदूपत्ता गोदाम में आग,6.77 करोड़ का नुकसान: गोदाम सहायक और वनरक्षक निलंबित, विभागीय कार्रवाई जारी – Bijapur News
बीजापुर जिले के ईटपाल स्थित तेंदूपत्ता गोदाम में 25 मई को लगी भीषण आग में करीब 6 करोड़ 77 लाख रुपये मूल्य का तेंदूपत्ता जलकर नष्ट हो गया। घटना के बाद वन विभाग ने मामले में विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है। जिला यूनियन बीजापुर द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में इसकी जानकारी दी गई। जानकारी के अनुसार, अताउर रहमान के गोदाम में जिला यूनियन बीजापुर की 8 प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों के 13 तेंदूपत्ता लॉटों का भंडारण किया गया था। आग लगने से बड़ी मात्रा में तेंदूपत्ता नष्ट हो गया। नुकसान की भरपाई के लिए बीमा कंपनी से क्षतिपूर्ति राशि प्राप्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। सुरक्षा में लापरवाही पर कार्रवाई घटना की प्रारंभिक जांच में गोदाम की सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही सामने आने पर वनमंडलाधिकारी बीजापुर ने गोदाम सहायक सुनील बुरका और वनरक्षक कोमेश्वर एनका को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसके अलावा गोदाम प्रभारियों के रूप में कार्यरत वनक्षेत्रपाल और उपवनक्षेत्रपाल के खिलाफ भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा उच्च कार्यालय को भेजी गई है। विभाग द्वारा मामले की विस्तृत जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संग्राहकों के भुगतान पर नहीं पड़ेगा असर जिला यूनियन ने स्पष्ट किया है कि आगजनी की इस घटना का तेंदूपत्ता संग्राहकों के पारिश्रमिक पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। वर्ष 2026 में तेंदूपत्ता संग्रहण करने वाले सभी संग्राहकों को शासन द्वारा निर्धारित 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा की दर से भुगतान किया जाएगा। यह राशि ऑनलाइन माध्यम से सीधे संग्राहकों के बैंक खातों में जमा की जाएगी। जिला यूनियन ने संग्राहकों को आश्वस्त किया है कि भुगतान प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी और किसी भी हितग्राही को नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। जांच जारी, बीमा दावा प्रक्रिया शुरू वन विभाग ने आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। वहीं, करोड़ों रुपये के नुकसान की भरपाई के लिए बीमा कंपनी के समक्ष दावा प्रस्तुत करने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है।
<










