झीरम घाटी मामले में NIA कोर्ट के फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती देगा सर्व आदिवासी समाज, हर परिवार से 20 रुपए चंदा

झीरम घाटी मामले में NIA कोर्ट के फैसले के बाद सर्व आदिवासी समाज ने मामले को हाईकोर्ट ले जाने का निर्णय लिया है। शुक्रवार को कोया भवन में बस्तर संभाग के 6 जिले दंतेवाड़ा, बस्तर, सुकमा, दंतेवाड़ा, नारायणपुर और कोंडागांव जिले के समाज के पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें फैसले पर चर्चा के साथ मामले में सजा पाए दोषियों के खिलाफ आगे कानूनी लड़ाई जारी रखने की रणनीति तय की गई।
आदिवासी समाज के हर परिवार से 20-20 रुपए चंदा लेगी। इससे जुटने वाली राशि का इस्तेमाल हाईकोर्ट में मामले की पैरवी और उससे जुड़ी कानूनी प्रक्रिया में किया जाएगा।
सर्व आदिवासी समाज के अध्यक्ष प्रकाश ठाकुर ने दैनिक भास्कर से बातचीत में बताया कि, बैठक में 6 जिलों से समाज के प्रतिनिधि शामिल हुए। सभी ने झीरम मामले में एनआईए कोर्ट के फैसले पर चर्चा की। बैठक में तय किया गया कि जिन 10 दोषियों को सजा सुनाई गई है, उस फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी जाएगी। समाज की ओर से कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक दस्तावेज और अन्य पहलुओं पर भी काम किया जाएगा। प्रकाश ठाकुर ने कहा कि इस कानूनी लड़ाई के लिए समाज के स्तर पर आर्थिक सहयोग जुटाया जाएगा।
समाज ने बैठक में झीरम घाटी कांड की पूरी साजिश और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की दोबारा जांच की मांग भी उठाई। पदाधिकारियों का कहना है कि मामले में जिन लोगों की भूमिका संदिग्ध रही है, उनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। इसके साथ ही सरेंडर कर चुके नक्सलियों की भूमिका की भी दोबारा जांच किए जाने की मांग की गई।
इस बैठक में समाज ने पुनर्वास नीति के तहत आत्मसमर्पण कर चुके नक्सलियों को मिल रहे लाभ की समीक्षा की मांग की। समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि, गंभीर मामलों में आरोपित रहे लोगों को मिलने वाली सरकारी सुविधाओं और पुनर्वास लाभ की निष्पक्ष समीक्षा होनी चाहिए। बैठक में जेल में बंद बेगुनाह आदिवासियों की रिहाई के लिए कानूनी लड़ाई जारी रखने का भी निर्णय लिया गया।
25 मई 2013 को हुआ था झीरम नक्सली हमला। 13 साल पहले बस्तर में कांग्रेस अपनी परिवर्तन यात्रा निकाल रही थी। 25 मई 2013 की शाम यह यात्रा सुकमा की ओर से लौट रही थी। काफिला जब दरभा क्षेत्र की झीरम घाटी से गुजर रहा था, तभी माओवादियों ने घात लगाकर हमला कर दिया। हमले की शुरुआत IED विस्फोट से हुई। इसके बाद सड़क पर पेड़ गिराकर रास्ता बंद किया गया और जंगल से काफिले पर गोलियां बरसाई गईं। कुछ ही देर में पूरा इलाका गोलियों की आवाज से गूंज उठा। नक्सलियों ने नेताओं और सुरक्षाकर्मियों को अलग-अलग किया। माओवादियों का खास निशाना महेंद्र कर्मा थे। नंदकुमार पटेल, उनके बेटे दिनेश पटेल और कई अन्य लोगों की भी हत्या कर दी गई। एक ही हमले में कांग्रेस की उस समय की प्रदेश की शीर्ष नेतृत्व पंक्ति लगभग खत्म हो गई थी।
जान गंवाने वाले कांग्रेस नेताओं के नाम नंदकुमार पटेल (तत्कालीन कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष), महेंद्र कर्मा (पूर्व नेता प्रतिपक्ष), विद्याचरण शुक्ल (पूर्व केंद्रीय मंत्री), दिनेश पटेल, उदय मुदलियार, भागीरथी पालिया, राजकुमार, गोपीचंद माधवानी, अल्लानूर, योगेंद्र शर्मा, राजेश चंद्राकर, मनोज जोशी, अभिषेक गोलचा, गनपथ नाग, सदा सिंह, चंद्रहास ध्रुव, दीपक उपाध्याय, तरुण देशमुख, प्रहलाद, चंदर राम मांझी, पैतृक खलखो, पवन कोंद्रा, सियाराम सिंह, पुलिसकर्मी- प्रधान आरक्षक प्रफुल्ल शुक्ला, अशोक कुमार, राहुल प्रताप सिंह और इमैनुअल केरकेट्टा।
हमला खत्म करने के बाद हथियार भी लूटकर ले गए नक्सलियों ने काफिले की गाड़ियों और मारे गए सुरक्षाकर्मियों के हथियारों को भी अपने कब्जे में लिया था। 25 सितंबर 2014 को NIA की चार्जशीट के मुताबिक हमले के बाद एक 9 एमएम पिस्टल के साथ 2 मैगजीन और 20 कारतूस, दो AK-47 राइफलें, 14 मैगजीन और 455 कारतूस और 10 हैंड ग्रेनेड और वॉकी टॉकी और अन्य डिवाइस लूटे थे। इसके साथ ही घटनास्थल से मिले विस्फोटकों की फोरेंसिक जांच में अमोनियम नाइट्रेट, PETN और अमाटोल जैसे पदार्थों का इस्तेमाल सामने आया था।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल लंबे समय से इसे सिर्फ नक्सली हमला नहीं, बल्कि बड़ी साजिश बताते रहे हैं। वे यह भी कहते रहे हैं कि झीरम की साजिश के सबूत उनकी जेब में हैं। सीनियर जर्नलिस्ट सुनील कुमार इसी सवाल को सबसे अहम मानते हैं। उनका कहना है कि भूपेश बघेल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं, प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं और मुख्यमंत्री भी रहे हैं। जिस पार्टी ने झीरम में अपनी पूरी टॉप लीडरशिप का बड़ा हिस्सा खो दिया, उस पार्टी के एक जिम्मेदार नेता के तौर पर अगर उनके पास साजिश के सबूत हैं तो उन्हें सामने रखना चाहिए।











