सरगुजा के 13 केंद्रों में होगी री-नीट 2026 की परीक्षा: परीक्षा से एक दिन पहले मॉक ड्रिल, सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 5,212 परीक्षाथी होंगे शामिल – Ambikapur (Surguja) News
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली नीट (UG) 2026 प्रवेश परीक्षा अंबिकापुर के 13 केंद्रों में होगी। शनिवार को सभी 13 परीक्षा केंद्रों में मॉक ड्रिल आयोजित कर सुरक्षा एवं परीक्षा संचालन का पूर्वाभ्यास किया गया। सरगुजा में कुल 5,212 पंजीकृत अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। दुबारा आयोजित हो रही नीट की परीक्षा के लिए इस बार एक केंद्र बढ़ा दिया गया है। पहले 12 केंद्र बनाए गए थे। पिछली बार की तुलना में इस बार 273 परीक्षार्थी बढ़ गए हैं। नीट का पेपर एयर फोर्स द्वारा पूर्व में ही सरगुजा पहुंचा दिया गया है और बैंकों में कड़ी सुरक्षा के बीच पेपर रखा गया है। परीक्षा का आयोजन अपराह्न 2ः00 बजे से सायं 5ः15 बजे तक किया जाएगा। मॉक ड्रिल कर सभी केंद्रों की सुरक्षा जांच मॉक ड्रिल के दौरान सिटी कोऑर्डिनेटर, जिला प्रेक्षक (डिस्ट्रिक्ट ऑब्जर्वर) एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट द्वारा सभी परीक्षा केन्द्रों की तैयारियों की परीक्षण किया गया। प्रत्येक केन्द्र पर सीसीटीवी कैमरे, जैमर एवं बायोमेट्रिक उपकरणों की जांच की गई। अभ्यर्थियों की कड़ी तलाशी (फ्रिस्किंग) के लिए पुख्ता व्यवस्था की गई है। परीक्षा केंद्रों में दस्तावेज सत्यापन, बैठक व्यवस्था, रोल नंबर स्टिकर चस्पा करने, जनरेटर अथवा डीजी सेट की उपलब्धता, सुरक्षा बलों की तैनाती सहित दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। पुलिस सुरक्षा में पहुंचाए जाएंगे प्रश्नपत्र
रविवार को प्रश्नपत्रों के ट्रंक बैंक से परीक्षा केन्द्रों तक मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल की उपस्थिति में शासकीय वाहन से पहुंचाए जाएंगे। प्रश्नपत्रों के दो सेट दो अलग-अलग बैंकों में सुरक्षित रखे गए हैं, जिनमें से केवल एक बैंक से संबंधित ट्रंक को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की अनुमति प्राप्त होने के पश्चात् परीक्षा केन्द्रों तक पहुंचाया जाएगा। प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर प्रश्नपत्रों के सुरक्षित रख-रखाव के लिए स्ट्रांग रूम एवं पुलिस सुरक्षा की व्यवस्था की गई है। 11 बजे से होगा परीक्षार्थियों का प्रवेश
परीक्षा केन्द्रों के द्वार प्रातः 11ः00 बजे से खोल दिए जाएंगे और फ्रिस्किंग प्रक्रिया प्रारंभ होगी। परीक्षार्थियों को दोपहर 1ः15 बजे तक अपनी निर्धारित सीटों पर बैठना प्रारंभ करना होगा, जबकि दोपहर 1ः30 बजे के पश्चात किसी भी परिस्थिति में परीक्षा केन्द्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। दोपहर 1ः45 बजे प्रश्न पुस्तिका का वितरण किया जाएगा तथा परीक्षा का औपचारिक प्रारंभ दोपहर 2ः00 बजे होगा।
परीक्षार्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले वस्त्र पहनकर आने की अनुमति होगी। काले, गहरे नीले, गहरे हरे, जामुनी, मैरून, बैंगनी एवं गहरे चॉकलेटी रंग के वस्त्र पहनना प्रतिबंधित रहेगा। धार्मिक एवं सांस्कृतिक परिधान धारण करने वाले अभ्यर्थियों को अतिरिक्त जांच प्रक्रिया से गुजरना होगा। परीक्षा केन्द्र में केवल चप्पल पहनकर आने की अनुमति होगी। किसी भी प्रकार के आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पर्स, पाउच, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी एवं अन्य प्रतिबंधित सामग्री परीक्षा कक्ष में ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
फोटो व दस्तावेज लेकर पहुंचेंगे परीक्षार्थी
परीक्षार्थियों को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा जारी नवीन प्रवेश पत्र की स्पष्ट रंगीन प्रति, एक अतिरिक्त पासपोर्ट आकार का फोटो, 4×6 इंच का पोस्टकार्ड आकार का फोटो तथा आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी अथवा ड्राइविंग लाइसेंस जैसे मूल पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। दिव्यांग (पीडब्ल्यूडी) अभ्यर्थियों को आवश्यकतानुसार संबंधित प्रमाण-पत्र भी साथ रखना होगा। सभी तैयारी पूरी-कलेक्टर
सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत ने कहा कि नीट की परीक्षा के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शनिवार को मॉक ड्रिल कर तैयारियों की समीक्षा की गई। वायुसेना द्वारा पूर्व में ही प्रश्नपत्र पहुंचाकर बैंकों में सुरक्षित कर दिया गया है। रविवार को प्रश्नपत्र सुरक्षित सेंटरों में पहुंचाए जाएंगे। परीक्षा कड़ी सुरक्षा के बीच होगी।
<












