रायपुर नगर निगम की विशेष सामान्य सभा आज: जलभराव और सफाई व्यवस्था पर होगी चर्चा; हंगामे के आसार – Raipur News
रायपुर नगर निगम की विशेष सामान्य सभा की बैठक आज आयोजित होगी। मानसून के बीच बुलाई गई इस बैठक में शहर में जलभराव, सफाई व्यवस्था, नालों की सफाई, सड़क मरम्मत और बारिश के दौरान नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। बैठक को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक के आसार भी हैं। मानसून की पहली बारिश के बाद राजधानी के कई इलाकों में जलभराव, जाम नालों और खराब सफाई व्यवस्था की तस्वीर सामने आई है। ऐसे में माना जा रहा है कि विपक्ष इन मुद्दों को लेकर निगम प्रशासन और महापौर परिषद को घेर सकता है। वहीं, पार्षद भी अपने-अपने वार्डों की समस्याएं सदन में उठाएंगे। विशेष सामान्य सभा पर विपक्ष के सवाल बैठक से पहले ही पूर्व महापौर और कांग्रेस नेता प्रमोद दुबे ने विशेष सामान्य सभा बुलाने के औचित्य पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि विशेष सामान्य सभा आमतौर पर किसी महत्वपूर्ण नीति निर्णय, आपात स्थिति या अत्यंत आवश्यक विषय पर बुलाई जाती है, जबकि सफाई व्यवस्था और जलभराव नगर निगम की नियमित जिम्मेदारियां हैं। ऐसे मुद्दों पर विशेष बैठक बुलाना प्रशासनिक तैयारियों पर सवाल खड़ा करता है। इन मुद्दों पर रहेगा फोकस बैठक में शहर के जलभराव वाले क्षेत्रों की स्थिति, नालों की सफाई, कचरा उठाव, सड़कों की मरम्मत और मानसून के दौरान नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के उपायों पर चर्चा होगी। साथ ही निगम प्रशासन अब तक की तैयारियों और व्यवस्थाओं की समीक्षा भी करेगा। पिछली बैठकों में हुआ था हंगामा इससे पहले 27 अप्रैल को आयोजित विशेष सामान्य सभा में महिला सशक्तिकरण अभियान को लेकर चर्चा हुई थी। वहीं, 9 अप्रैल की सामान्य सभा में सिटी कोतवाली चौक का नाम बदलकर “जैन स्तंभ” करने के प्रस्ताव पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस हुई थी। बैठक शुरू होने से पहले कांग्रेस पार्षदों ने पानी की समस्या को लेकर मटका और बाल्टी के साथ प्रदर्शन किया था, जबकि प्लेसमेंट कर्मचारियों ने भी निगम मुख्यालय का घेराव किया था। आज भी गरमा सकता है सदन राजधानी में बारिश के बाद जलभराव और सफाई व्यवस्था को लेकर लगातार उठ रहे सवालों के बीच आज की विशेष सामान्य सभा के हंगामेदार रहने की संभावना है। विपक्ष पहले ही निगम की तैयारियों और विशेष बैठक बुलाने के उद्देश्य पर सवाल उठा चुका है। ऐसे में मानसून की व्यवस्थाओं को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिल सकती है।
<












