विज्ञापन दें / सहयोग करें

पेंड्रा में सराफा कारोबारी हत्याकांड पर गरमाई सियासत: अमित जोगी ने की CBI जांच की मांग, पुलिस ने आरोपियों पर 35 हजार का इनाम रखा – Gaurela News



गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के कोटमी बाजार में सराफा कारोबारी प्रदीप सोनी की गोली मारकर हत्या और लूटपाट के मामले में सियासत तेज हो गई है। घटना के चार दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर विपक्ष ने कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार और पुलिस प्रशासन को घेरा है। इस बीच पुलिस ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कुल 35 हजार रुपए के इनाम की घोषणा की है। कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव और अमित जोगी ने मृतक प्रदीप सोनी के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। दोनों नेताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए इसे सीबीआई को सौंपने की बात कही। अटल श्रीवास्तव ने स्थानीय पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कोटमी चौकी के पूरे स्टाफ को तत्काल निलंबित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि नए जिले के गठन के बाद से पुलिस व्यवस्था कमजोर हुई है और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं दिख रहा है। “जिला अनाथ हो गया है” : अमित जोगी अमित जोगी ने भी प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। अमित जोगी ने कहा कि इस सरकार के राज में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिला अनाथ हो गया है और जिला अब अंतर्राज्यीय तस्करी का केंद्र बनता जा रहा है। जोगी ने कहा कि जिले में सुरक्षा के लिए लगाए गए 115 सीसीटीवी कैमरे घटना के समय बंद थे, जो प्रशासनिक लापरवाही का बड़ा उदाहरण है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 72 घंटे के भीतर सीबीआई जांच की घोषणा नहीं की गई तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा। चौथे दिन भी फरार हैं आरोपी 26 मई 2026 को कोटमी साप्ताहिक बाजार में हुई हत्या और लूटपाट की वारदात के सभी आरोपी अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। मामले की जांच जारी है, लेकिन अब तक कोई बड़ी सफलता नहीं मिल सकी है। IG ने घोषित किया 30 हजार, SP ने जोड़े 5 हजार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग ने 30 हजार रुपए के नकद पुरस्कार की घोषणा की है। वहीं गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के प्रभारी पुलिस अधीक्षक अविनाश कुमार मिश्रा ने 5 हजार रुपए अतिरिक्त इनाम देने की घोषणा की है। इस तरह आरोपियों की सटीक जानकारी, गिरफ्तारी में मददगार सूचना या घटना से जुड़े फोटो-वीडियो उपलब्ध कराने वाले को कुल 35 हजार रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा। पुलिस ने गोपनीयता का दिया भरोसा पुलिस प्रशासन ने कहा है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। आम नागरिकों से अपील की गई है कि आरोपियों या घटना से जुड़ी कोई भी जानकारी होने पर वे पेंड्रा थाना, कोटमी चौकी या वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से संपर्क करें, ताकि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके।


<

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button