विज्ञापन दें / सहयोग करें

नगर निगम कर्मचारी लक्ष्मीकांत कोका 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

बिलासपुर नगर निगम की संपदा शाखा में पदस्थ कर्मचारी लक्ष्मीकांत कोका को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने शुक्रवार को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। कर्मचारी पर राजकिशोर नगर निवासी एक व्यक्ति से मकान नवीनीकरण से जुड़े काम को कराने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। शिकायत मिलने के बाद ACB ने इसकी पुष्टि की और फिर ट्रैप की कार्रवाई की।

राजकिशोर नगर निवासी अजीत शुक्ला अपने मकान के नवीनीकरण से जुड़े काम के लिए नगर निगम पहुंचा था। इसी काम को आगे बढ़ाने के बदले संपदा शाखा में पदस्थ कर्मचारी लक्ष्मीकांत कोका ने उससे 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। रिश्वत मांगे जाने से परेशान शिकायतकर्ता ने इसकी जानकारी ACB को दी।

शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले की जांच की। शिकायत सही मिलने पर शुक्रवार को टीम ने नगर निगम कार्यालय में ट्रैप की कार्रवाई की। योजना के तहत शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम लेकर कर्मचारी के पास भेजा गया। जैसे ही कर्मचारी ने 10 हजार रुपये की रकम ली, ACB की टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।

जिस समय ACB की कार्रवाई हुई, उस दौरान नगर निगम में सामान्य सभा की बैठक चल रही थी। निगम कार्यालय में ACB की टीम के पहुंचने और कर्मचारी के पकड़े जाने की खबर फैलते ही अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। निगम परिसर में काफी देर तक कार्रवाई को लेकर चर्चा होती रही।

ACB की टीम ने कर्मचारी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button