MI vs DC IPL Live Score: दिल्ली ने जीता टॉस, मुंबई को दिया पहले बल्लेबाजी का न्योता; अक्षर पटेल नहीं खेल रहे
07:07 PM, 21-May-2025
MI vs DC IPL Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग-11
मुंबई इंडियंस: रेयान रिकेलटन (विकेटकीपर), रोहित शर्मा, विल जैक्स, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या (कप्तान), नमन धीर, मिचेल सेंटनर, दीपक चाहर, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह।
इम्पैक्ट प्लेयर्स: कर्ण शर्मा, कॉर्बिन बॉश, राज बावा, अश्विनी कुमार, सत्यनारायण राजू।
दिल्ली कैपिटल्स: फाफ डुप्लेसिस (कप्तान), अभिषेक पोरेल, समीर रिजवी, आशुतोष शर्मा, ट्रिस्टन स्टब्स, दुष्मंथा चमीरा, विप्रज निगम, माधव तिवारी, कुलदीप यादव, मुस्तफिजुर रहमान, मुकेश कुमार।
इम्पैक्ट प्लेयर्स: केएल राहुल, सेदिकुल्लाह अटल, करुण नायर, त्रिपुराना विजय, मनवंत कुमार एल।
07:04 PM, 21-May-2025
दिल्ली ने जीता टॉस, चुनी गेंदबाजी
दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। उनकी तरफ से टॉस के लिए अक्षर पटेल नहीं आए। फाफ डुप्लेसिस ने कहा कि अक्षर को फ्लू है। वहीं, मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने कॉर्बिन बॉश की जगह मिचेल सैंटनर को टीम में शामिल किया है।
06:42 PM, 21-May-2025
MI vs DC IPL Live Score: राहुल को लेनी होगी अतिरिक्त जिम्मेदारी
दिल्ली को गुजरात के खिलाफ पिछले मैच में अपने शीर्ष तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क (14 विकेट) की कमी खली जो आईपीएल के बहाल होने पर वापस नहीं लौटे। स्टार्क की गैरमौजूदगी में दिल्ली ने गुजरात के खिलाफ पिछला मैच 10 विकेट से गंवाया। दिल्ली की टीम लोकेश राहुल (493 रन) के प्रदर्शन पर काफी निर्भर है जिन्होंने गुजरात के खिलाफ शानदार शतक बनाया था। इस मैच में दिल्ली कैपिटल्स की गेंदबाजी की कमजोरियां उजागर हो गईं लेकिन स्टार्क की जगह आए मुस्ताफिजुर रहमान ने शानदार गेंदबाजी की। दिल्ली ने आईपीएल की शुरुआत छह में से पांच मैच जीतकर की थी लेकिन दूसरे हाफ में उसका प्रदर्शन काफी खराब रहा है। कुलदीप यादव (12 विकेट) ने एक छोर से नियंत्रण बनाया है लेकिन कप्तान अक्षर के लिए यह सत्र काफी हद तक निराशाजनक रहा है जिन्होंने अब तक 263 रन बनाने के अलावा सिर्फ पांच विकेट चटकाए हैं।
06:42 PM, 21-May-2025
MI vs DC IPL Live Score: मुंबई को तिलक के फॉर्म का इंतजार
मुंबई के सुपरस्टार रोहित शर्मा पर सभी की नजरें होंगी क्योंकि टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा के बाद यह उनका पहला मैच होगा। यह अनुभवी बल्लेबाज अपनी पूरी ताकत झोंकने और अपनी टीम को जीत दिलाने के लिए उत्सुक होगा। मुंबई की टीम अपने मौजूदा संयोजन का भी पूरा लाभ उठाना चाहेगी जिसमें रेयान रिकेल्टन और कॉर्बिन बॉश प्रमुख भूमिकाओं में हैं। प्लेऑफ से पहले ये दोनों दक्षिण अफ्रीकी राष्ट्रीय टीम के साथ जुड़ने के लिए रवाना होंगे। सूर्यकुमार यादव बल्ले से अपनी बेहतरीन फॉर्म को जारी रखना चाहेंगे लेकिन मुंबई को तिलक वर्मा के लय हासिल करने की उम्मीद होगी। बाएं हाथ का यह बल्लेबाज मौजूदा सत्र में प्रभाव छोड़ने में विफल रहा है और पिछले पांच मैच में तीन बार दोहरे अंक में भी नहीं पहुंच पाया। इस ब्रेक से जसप्रीत बुमराह और ट्रेंट बोल्ट जैसे गेंदबाजों को जरूरी आराम और थकान से उबरने का मौका मिला होगा।
06:42 PM, 21-May-2025
MI vs DC IPL Live Score: मुंबई ने की शानदार वापसी
मुंबई ने बेहद खराब शुरुआत के बाद जोरदार वापसी की और अब शीर्ष चार में शामिल है। दिल्ली की शुरुआत काफी अच्छी रही थी लेकिन टीम अपने पिछले छह मैच में सिर्फ एक जीत दर्ज कर पाई है। मुंबई इंडियंस (14 अंक) और दिल्ली कैपिटल्स (13 अंक) दोनों के पास प्लेऑफ में जगह बनाने का मौका है लेकिन वानखेड़े स्टेडियम में मेजबान टीम प्रबल दावेदार के रूप में उतरेगी। दिल्ली कैपिटल्स को आगे बढ़ने के लिए अपने बचे हुए दोनों मुकाबले जीतने की जरूरत है। दोनों टीमों को अपने आखिरी मुकाबले पंजाब किंग्स के खिलाफ खेलने हैं। मुंबई इंडियंस की फॉर्म और गहराई उनके पक्ष में है। टीम को हालांकि लगभग दो सप्ताह पहले गुजरात टाइटंस के खिलाफ करीबी मैच में हार का सामना करना पड़ा था। लगातार छह जीत के बाद मुंबई को यह हार झेलनी पड़ी थी। जीत के साथ मुंबई की टीम प्लेऑफ में पहुंच जाएगी लेकिन हार की स्थिति में उनका भाग्य 24 मई को दिल्ली और पंजाब के बीच होने वाले मुकाबले के नतीजे पर निर्भर करेगा। महेला जयवर्धने के मार्गदर्शन में खेल रही टीम हालांकि दिल्ली को हराकर अगर-मगर पर विराम लगाना चाहेगी।
06:41 PM, 21-May-2025
MI vs DC IPL Live Score: मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच होड़
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ हार के साथ सोमवार को लखनऊ सुपरजाएंट्स की प्लेऑफ में जगह बनाने की उम्मीद भी खत्म हो गई। एकमात्र उपलब्ध प्लेऑफ स्थान के लिए अब मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच होड़ है। दोनों टीमें बुधवार को जब यहां आमने-सामने होंगी तो दोनों की नजरें इस मुकाबले को जीतकर अपना दावा मजबूत करने पर टिकी होंगी।
06:41 PM, 21-May-2025
MI vs DC IPL Live Score: प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई करने उतरेगी मुंबई
हार्दिक पांड्या की अगुआई वाली मुंबई इंडियंस की नजरें प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई करने पर टिकी होंगी। मुंबई की टीम का सामना बुधवार को दिल्ली कैपिटल्स से होगा। अगर मुंबई की टीम ये मुकाबला जीतने में सफल रही तो 16 अंक लेकर प्लेऑफ में पहुंच जाएगी क्योंकि दिल्ली इसके बाद अधिकतम 15 अंक ही हासिल कर पाएगी। अब तक गुजरात टाइटंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और पंजाब किंग्स ने प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई किया है। चौथे स्थान के लिए मुंबई और दिल्ली के बीच मुकाबला है।
06:28 PM, 21-May-2025
MI vs DC IPL Live Score: दिल्ली ने जीता टॉस, मुंबई को दिया पहले बल्लेबाजी का न्योता; अक्षर पटेल नहीं खेल रहे
IPL Live Cricket Score, MI vs DC Indian Premier League 2025: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2025 का 63वां मुकाबला मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जाएगा। मुंबई इस मुकाबले को जीतकर सीधे प्लेऑफ में पहुंचना चाहेगी। वहीं, दिल्ली अपनी उम्मीदों को बल देने उतरेगी।
Source link












