विज्ञापन दें / सहयोग करें

भाभी की हत्या के आरोपी को उम्रकैद, न्यायालय ने सुनाया फैसला

रायगढ़, (गौरी शंकर गुप्ता)। अपर सत्र न्यायाधीश अभिषेक शर्मा की अदालत ने बुधवार को एक महिला की नृशंस हत्या के मामले में आरोपी अशोक बैगा को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही न्यायालय ने आरोपी पर 1,000 रुपये का अर्थदंड भी लगाया।

क्या है मामला:

यह मामला थाना कापू अंतर्गत ग्राम बताती का है। घटना 25 अगस्त 2021 की है जब आरोपी अशोक बैगा (25 वर्ष), निवासी ग्राम बताती, ने अपनी भाभी समारी बाई की बेरहमी से हत्या कर दी थी। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अशोक ने मृतिका को यह कहते हुए कि “तू मेरे पैसों का उल्टा-सीधा खर्च करती है, मैं मेहनत करके मर रहा हूं”—काफी गुस्से में आकर रसोई में उपयोग होने वाली सिल्वर की डेगची से सिर पर वार कर हत्या कर दी।

पिता ने दर्ज कराई रिपोर्ट:

अगले दिन 26 अगस्त 2021 को मृतिका के पिता मोहितराम ने कापू थाने में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। थाना प्रभारी धनीराम राठौर ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान स्वतंत्र साक्ष्यों और बयानों के आधार पर आरोपी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में अशोक बैगा ने जुर्म कबूल कर लिया। उसके मेमोरेंडम बयान के आधार पर हत्या में प्रयुक्त वस्तु बरामद की गई।

भाभी को बना लिया था पत्नी:

प्रकरण की एक अहम सामाजिक पृष्ठभूमि यह भी है कि मृतिका अशोक बैगा के बड़े भाई की विधवा थी, जिसे आरोपी ने अपने साथ पत्नी के रूप में रख लिया था। पारिवारिक विवाद और आर्थिक तकरार इस हत्या का मुख्य कारण माना गया।

न्यायालय का फैसला:

प्रकरण की सुनवाई घरघोड़ा स्थित अपर सत्र न्यायालय में हुई। न्यायाधीश अभिषेक शर्मा ने साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर आरोपी को भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई।

सरकारी पक्ष की पैरवी:

इस मामले में शासन की ओर से अपर लोक अभियोजक राजेश ठाकुर ने प्रभावी पैरवी की।

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button