जशपुर: तकनीकी खराबियों से परेशान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, पोषण ट्रैकर ऐप बना सिरदर्द
जशपुर। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना पोषण ट्रैकर ऐप और फेस कैप्चर ऐप फिलहाल आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए परेशानी का सबब बन गई है। जिला महिला एवं बाल विकास विभाग को सौंपे गए आवेदन में कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने गंभीर तकनीकी समस्याओं की शिकायत की है।
आवेदन के अनुसार, शासन द्वारा वितरित मोबाइल फोन में एप्लिकेशन लोड नहीं होना, नेटवर्क की कमी, और तकनीकी त्रुटियों के कारण नियमित कार्य प्रभावित हो रहा है। कई क्षेत्रों में नेटवर्क विहीन स्थिति के कारण ऐप्स से काम कर पाना संभव नहीं हो पा रहा है।
सबसे बड़ी चिंता यह है कि ऐप से काम न हो पाने की स्थिति में कई कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का मानदेय रोक दिया जाता है, जबकि गलती तकनीकी सिस्टम की है।
कार्यकर्ताओं ने मांग की है कि—
- सरकार उन्हें ऑफलाइन मोड में भी काम करने योग्य सपोर्टिंग मोबाइल उपलब्ध कराए।
- जब तक तकनीकी समस्याओं का समाधान नहीं हो जाता, तब तक मानदेय न रोका जाए।
- कर्मचारियों पर अनावश्यक कार्य दबाव न डाला जाए।
अब देखना यह है कि प्रशासन इस डिजिटल संकट का समाधान कैसे और कब करता है।
Follow Us











