विज्ञापन दें / सहयोग करें

निगम की सामान्य सभा नहीं बुलाने पर भड़के नेता प्रतिपक्ष: बोले- विकास को लेकर कोई विजन नहीं, महापौर बोलीं- 10 दिनों के अंदर सामान्य सभा – Ambikapur (Surguja) News



सरगुजा नगर निगम का बजट वित्तीय वर्ष समाप्त होने के 15 दिन बाद भी सामान्य सभा में पेश नहीं किया जा सका है। इस देरी को लेकर नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। शफी अहमद का कहना है कि नगर सरकार के पास शहर के विकास को लेकर कोई स्पष्ट विजन नहीं है। वहीं विपक्ष के आरोपों पर महापौर मंजूषा भगत ने सफाई देते हुए कहा कि बजट सत्र की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और 10 दिनों के भीतर सामान्य सभा में बजट पेश किया जाएगा। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि बजट केवल एक औपचारिक दस्तावेज नहीं, बल्कि शहर के भविष्य की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण रोडमैप होता है। इसमें पक्ष और विपक्ष के सभी जनप्रतिनिधियों की भागीदारी से विकास की प्राथमिकताएं तय की जाती हैं। लेकिन इस बार बजट में हुई देरी से यह संकेत मिलता है कि सरकार के पास न तो कोई ठोस योजना है और न ही शहर के विकास को लेकर गंभीरता। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नगर निगम प्रशासन जनता और पार्षदों दोनों की उपेक्षा कर रहा है। पार्षदों को अपने-अपने वार्ड की समस्याएं रखने और उनके समाधान के लिए मंच तक नहीं मिल रहा, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के साथ अन्याय है। हर दो माह में सामान्य सभा को किया दरकिनार नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने नगर निगम अधिनियम का हवाला देते हुए कहा कि हर दो महीने में सामान्य सभा की बैठक अनिवार्य है, लेकिन इस नियम को लगातार दरकिनार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पिछली बैठक 16 अक्टूबर 2025 को कांग्रेस के कड़े विरोध के बाद करीब चार महीने की देरी से बुलाई गई थी। अब छह महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद फिर से बैठक नहीं बुलाई गई है। शफी अहमद ने कहा कि निगम प्रशासन जानबूझकर पार्षदों के अधिकारों को कुचल रहा है, जिससे जनप्रतिनिधियों और आम जनता दोनों में भारी असंतोष और निराशा का माहौल बन गया है। अगर 15 दिनों के भीतर सामान्य सभा की बैठक नहीं बुलाई गई, तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी। महापौर बोलीं- सामान्य सभा 24 को होगा, तैयारी पूरी महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि बजट सत्र की तैयारी हो चुकी है। सीएम के कार्यक्रम और पश्चिम बंगाल में संगठन की ओर से जिम्मेदारी दिए जाने के कारण थोड़ा विलंब हुआ। 24 अप्रैल को सामान्य सभा आयोजित होगी। एजेंडा पार्षदों को बांटा जा रहा है। मंजूषा भगत ने कहा कि बजट सत्र पहले ही आयोजित करने की तैयारी थी, लेकिन बीच में कार्यक्रमों के कारण कुछ विलंब हुआ। 24 अप्रैल को बजट पेश कर दिया जाएगा।


Source link

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button