सूरजपुर में घर में घुसकर महिला का अपहरण, फिर मांगी 22 लाख की फिरौती; इलाके में सनसनी
नईदुनिया न्यूज, सूरजपुर। नगर से सटे पर्री गांव के सरना पारा में चार दिन पूर्व एक महिला के रहस्यमय ढंग से गायब होने और अपहरणकर्ताओं द्वारा उसके पति से 22 लाख रुपये फिरौती मांगने की घटना का रहस्य अब भी बरकरार है। हालांकि बाइक सवार आरोपितों ने 12 घंटे बाद देर रात महिला को उसके घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर छोड़ दिया था। महिला के साथ मारपीट भी की गई थी। घायल महिला का जिला चिकित्सालय में उपचार जारी है। दिनदहाड़े हुई इस घटना से पूरे नगर में सनसनी फैल गई।
यह घटना 29 अप्रैल को दोपहर करीब तीन बजे की है। मामले में कोतवाली पुलिस ने पीड़िता के पति पेत्रुस कुजूर की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपितों के खिलाफ बीएनएस की धारा 140(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है मामला
सेवानिवृत्त एसईसीएल कर्मचारी पेत्रुस कुजूर ने बताया कि वे 29 अप्रैल को सुबह अपनी दुर्घटनाग्रस्त कार बनवाने अंबिकापुर गए थे। उस समय उनकी पत्नी ललिता कुजूर घर में अकेली थीं। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे जब वे घर लौटे तो पत्नी घर में नहीं मिलीं। घर का सामान अस्त-व्यस्त था, टूटी चूड़ियां पड़ी थीं और खून के छींटे भी दिखाई दिए। इससे अनहोनी की आशंका बढ़ गई।
इसी दौरान उनकी पत्नी के मोबाइल से कॉल आया, जिसमें आरोपितों ने 22 लाख रुपये की फिरौती मांगी। इस पर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस सक्रिय हो गई और अलग-अलग मार्गों पर सर्चिंग अभियान चलाया। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिला। पुलिस की सक्रियता के चलते करीब 12 घंटे बाद आरोपित महिला को घायल अवस्था में उसके घर से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर बायपास के पास छोड़कर फरार हो गए।
महिला किसी तरह पास के एक घर तक पहुंची और मदद लेकर अपने पति को सूचना दी। घायल और सदमे में आई महिला को पुलिस की सलाह पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
विस्तृत बयान लिया जाएगा
पुलिस का कहना है कि महिला के पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद उसका विस्तृत बयान लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस इस मामले की कई एंगल से जांच कर रही है और इसे साधारण अपहरण नहीं मानते हुए अन्य कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।
घटना के चार दिन बाद भी आरोपितों का सुराग नहीं लग पाने से पुलिस के सामने चुनौती बनी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में तथ्य जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
जबरन बाइक पर बैठाकर ले गए
जानकारी के मुताबिक, 29 अप्रैल की दोपहर करीब ढाई बजे बाइक सवार नकाबपोश युवक सेवानिवृत्त कर्मचारी के घर पहुंचे। उस समय घर पर उनकी पत्नी अकेली थीं। आरोप है कि बदमाशों ने घर में घुसकर मारपीट की, बेलन-पीढ़ा से हमला किया और जबरन बाइक पर बैठाकर अज्ञात स्थान पर ले गए।
पुलिस का क्या कहना
सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल खंगाले जा रहे हैं। महिला जिला चिकित्सालय में भर्ती है। उससे विस्तृत जानकारी लेने का प्रयास किया जा रहा है। घटना की बारीकी से जांच जारी है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।
— विमलेश दुबे, टीआई सूरजपुर
यह भी पढ़ें- रायपुर पुलिस का बड़ा एक्शन, बीपी मशीन में छिपाकर कोकीन सप्लाई करने वाले नाइजीरियन सहित दिल्ली से दो आरोपित गिरफ्तार
Source link









