रायपुर में थर्ड जेंडर के लिए जॉब का मौका: सिक्योरिटी गार्ड पदों पर सीधी भर्ती, 2 जुलाई को इंटरव्यू, सभी जिलों के उम्मीदवार होंगे पात्र – Raipur News
थर्ड जेंडर के लोगों को रोजगार से जोड़ने के लिए समाज कल्याण विभाग 2 जुलाई को वॉक-इन-इंटरव्यू आयोजित करेगा। इंटरव्यू रायपुर के संबल केंद्र, आईडीएसएमटी बिल्डिंग, महंत कॉलेज के पास गांधी चौक में सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक होगा। इस भर्ती प्रक्रिया में अलर्ट एसजीएस प्राइवेट लिमिटेड सिक्योरिटी गार्ड के 20 पदों पर चयन करेगी। इसमें छत्तीसगढ़ के सभी जिलों के तृतीय लिंग समुदाय के पात्र अभ्यर्थी शामिल हो सकते हैं। चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति प्रदेश के विभिन्न जिलों में की जाएगी। आवश्यक डाक्यूमेंट्स साथ लाना होगा आवेदन के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता आठवीं पास रखी गई है। इच्छुक अभ्यर्थियों को निर्धारित समय पर अपने सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ इंटरव्यू स्थल पर पहुंचना होगा। समाज कल्याण विभाग का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य तृतीय लिंग समुदाय को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ना है। विभाग ने पात्र अभ्यर्थियों से अधिक से अधिक संख्या में वॉक-इन-इंटरव्यू में शामिल होने की अपील की है।
<












