जेल में बंद छात्र को नीट परीक्षा देने की मिली अनुमति, छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का महत्वपूर्ण आदेश
याचिका में बताया गया कि छात्र नीट की तैयारी कर रहा है और 21 जून को केंद्रीय विद्यालय, रायपुर में आयोजित होने वाली परीक्षा में उसका शामिल होना भविष्य क …और पढ़ें
HighLights
- आवेदक छात्र न्यायिक हिरासत में इस समय सेंट्रल जेल में बंद है।
- उस पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 में हत्या का आरोप है।
- हाईकोर्ट में याचिका दायर कर अस्थायी जमानत की मांग की गई थी।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। न्यायधानी में एक महत्वपूर्ण फैसले के तहत छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने हत्या के मामले में जेल में बंद एक छात्र को नीट 2026 की परीक्षा में शामिल होने की अनुमति प्रदान कर दी है।
चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा की खंडपीठ ने न केवल छात्र को परीक्षा में बैठने की छूट दी, बल्कि जेल प्रशासन को उसे जरूरी अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए हैं।
आवेदक छात्र खमतराई थाना (रायपुर) में दर्ज अपराध के मामले में न्यायिक हिरासत में रायपुर सेंट्रल जेल में बंद है। उस पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत हत्या का आरोप है।
अधिवक्ता अनुकूल विश्वास के माध्यम से हाईकोर्ट में याचिका दायर कर अस्थायी जमानत की मांग की गई थी। याचिका में बताया गया कि छात्र नीट की तैयारी कर रहा है और 21 जून को केंद्रीय विद्यालय, रायपुर में आयोजित होने वाली परीक्षा में उसका शामिल होना भविष्य के लिए अनिवार्य है।
पुलिस अभिरक्षा में केंद्र जाएगा छात्र
मामले की गंभीरता और छात्र के करियर को देखते हुए चीफ जस्टिस ने अर्जेंट हियरिंग में निर्देश जारी किए। कोर्ट ने रायपुर एसपी और जेल अधीक्षक को निर्देशित किया है कि आवेदक को कड़ी सुरक्षा और उचित पुलिस अभिरक्षा में परीक्षा केंद्र ले जाया जाए। परीक्षा संपन्न होने के बाद उसे वापस सुरक्षित जेल दाखिल कराया जाए। जेल नियमों के दायरे में रहते हुए छात्र को पढ़ाई के लिए आवश्यक पुस्तकें और अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाए।
तीन सप्ताह बाद होगी अगली सुनवाई
हाईकोर्ट ने रजिस्ट्रार (न्यायिक) को आदेश की प्रति तत्काल ट्रायल कोर्ट, रायपुर एसपी और जेल अधीक्षक को भेजने के निर्देश दिए हैं ताकि समय पर अनुपालन सुनिश्चित हो सके। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि चूंकि मामले में अभी तक चार्जशीट दाखिल नहीं हुई है, इसलिए मामले की अगली सुनवाई तीन सप्ताह बाद की जाएगी।
Source link












