सरगुजा में मामूली विवाद पर ग्रामीण की गैंती मारकर हत्या: पड़ोसी ने किया जानलेवा हमला, मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में हो गई मौत – Ambikapur (Surguja) News
सरगुजा जिले के ग्राम बरगीडीह में गुरुवार को मामूली विवाद पर पड़ोसी ने ग्रामीण पर गैंती से हमला कर दिया। हमले में घायल ग्रामीण को मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में दाखिल किया गया। इलाज के दौरान ग्रामीण की मौत हो गई। मामला लुण्ड्रा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, बरगीडीह निवासी जीतू नागेश (45 वर्ष) गुरुवार को अपने घर में था। परिवार के सभी सदस्य धान की रोपाई करने के लिए गए थे। जीतू नागेश का पड़ोसी बुधराम उसके घर के सामने पहुंचा। दोनों में बातचीत हो रही थी। इसी बीच किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया। विवाद से आक्रोशित होकर बुधराम ने जीतू पर गैंती से हमला कर दिया। घायल की हॉस्पिटल में मौत गैंती के हमले में जीतू नागेश गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद बुधराम ने खुद आसपास के लोगों को जानकारी दी कि मैंने जीतू को मार दिया है, अब जेल जाऊंगा। ग्रामीणों की सूचना पर खेत में काम कर रहे जीतू के परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और जीतू को गंभीर हालत में इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर पहुंचाया। यहां हॉस्पिटल में उसकी मौत हो गई। मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पुलिस ने मृतक के घरवालों का बयान दर्ज किया। मामला लुंड्रा पुलिस को भेजा जा रहा है। मृतक के परिजनों ने बताया कि जीतू नागेश और बुधराम के बीच पहले से कोई विवाद नहीं था। दोनों अक्सर साथ रहते थे और साथ ही खाते-पीते थे। घटना की सूचना मिलने पर बुधराम के बेटे ने भी घायल जीतू को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
<








