रायगढ़ में बाइक चोरी कर गांव में बेचते थे: एक चोर पकड़ा तो गिरोह का हुआ पर्दाफाश; 5 चोर समेत 2 खरीददार गिरफ्तार – Raigarh News
शहर के अलग-अलग जगह से चोरों ने बाइक की चोरी की थी
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस ने बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 5 बाइक चोरों और चोरी की बाइक खरीदने वाले 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की 3 बाइक बरामद की गई है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
.
दरअसल, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सत्तीगुड़ी चौक निवासी आयुष दास महंत के पास चोरी की बाइक है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपने साथियों के साथ मिलकर अलग-अलग स्थानों से तीन बाइक चोरी करने की बात कबूल की।
पूछताछ में आयुष ने बताया कि करीब तीन सप्ताह पहले सत्तीगुड़ी चौक से चोरी की गई बजाज CT-100 बाइक को उसने संबलपुरी निवासी दशरथ खड़िया को 3 हजार रुपए में बेच दिया था। इसके बाद 7 जुलाई की रात उसने अपने साथी विष्णु राठिया (24) और जलधर कुंवर (24) के साथ मिलकर सत्तीगुड़ी चौक से होंडा SP-125 बाइक चोरी की थी।
पुलिस ने आरोपियों और खरीददारों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की
चोरी की बाइक संबलपुर में बेची
आरोपी ने यह भी बताया कि 10 जुलाई की रात उसने अमन खड़िया (19) और अमित भोय (20) के साथ मिलकर चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के सिग्नल चौक से हीरो ग्लैमर बाइक चोरी की और उसे संबलपुरी निवासी नरसिंग चौहान को बेच दिया।
सभी आरोपी गिरफ्तार, तीनों बाइक बरामद
आयुष की निशानदेही पर पुलिस ने उसके कब्जे से होंडा SP-125, दशरथ खड़िया के कब्जे से बजाज CT-100 और चक्रधरनगर पुलिस ने नरसिंग चौहान के घर दबिश देकर हीरो ग्लैमर बाइक बरामद की।
पुलिस ने मामले में आयुष दास महंत, विष्णु राठिया, जलधर कुंवर, अमन खड़िया, अमित भोय तथा चोरी की बाइक खरीदने वाले दशरथ खड़िया और नरसिंग चौहान को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
SSP बोले- चोरी का सामान खरीदने वालों पर भी होगी कार्रवाई
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। चोरी करने वालों के साथ-साथ चोरी का सामान खरीदने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
Source link









