छत्तीसगढ़ में रेत के ‘लाल सोने’ पर कब्जे की लड़ाई… कहीं जिंदा जलाया, कहीं अफसरों को दौड़ाकर पीटा, कब थमेगा यह खूनी खेल?
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। छत्तीसगढ़ में अवैध रेत खनन अब कानून-व्यवस्था के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। राजधानी रायपुर समेत कोरिया, जांजगीर-चांपा, धमतरी, सारंगढ़-बिलाईगढ़, गरियाबंद और कवर्धा जैसे कई जिलों में पिछले दो वर्षों के दौरान रेत माफिया के आतंक की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। कहीं खनिज अधिकारियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया, तो कहीं ग्रामीणों, पत्रकारों और कारोबारियों पर गोलियां चलाई गईं। कोरिया में भाजपा नेता समेत तीन लोगों को जिंदा जला दिया गया। तिल्दा-नेवरा और आरंग में कार्रवाई करने गई टीमों को धमकाकर भगा दिया गया।
करोड़ों रुपये के इस अवैध कारोबार में हथियारबंद गिरोह, राजनीतिक संरक्षण और स्थानीय नेटवर्क की भूमिका को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। नए नियम और ड्रोन निगरानी के दावों के बावजूद माफिया के हौसले कम नहीं हुए हैं। यही वजह है कि रेत घाट अब कारोबार नहीं, बल्कि खूनी वर्चस्व की जंग का मैदान बनते जा रहे हैं।
16 जून 2026: कोरिया में तीन लोगों की जिंदा जलाकर हत्या
कोरिया जिले के सोनहत क्षेत्र में रेत कारोबार की रंजिश खूनी संघर्ष में बदल गई। भाजपा नेता भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह की फार्च्यूनर को टिपर लगाकर रोका गया। इसके बाद वाहन पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। इस बर्बर हमले में भरत सिंह समेत तीन लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया था। पुलिस जांच में रेत घाटों पर कब्जे और पुराने विवाद की बात सामने आई।
फरवरी 2024: आरंग में खनिज टीम पर हमला
रायपुर जिले के आरंग क्षेत्र स्थित हरदीडीह रेत घाट में कार्रवाई करने पहुंची खनिज विभाग की टीम पर माफिया ने हमला किया था। अधिकारियों ने अवैध उत्खनन करती दो पोकलेन मशीनें पकड़ी थीं। जब्ती कार्रवाई के दौरान आरोपित पहुंचे और दस्तावेज फाड़ दिए। इसके बाद डंडों से हमला कर दिया गया। अधिकारी और कर्मचारी जान बचाकर वहां से भागे। घटना के बाद आरंग थाने में शासकीय कार्य में बाधा, धमकी और मारपीट का मामला दर्ज किया गया। इस घटना ने राजधानी क्षेत्र में सक्रिय अवैध रेत नेटवर्क को उजागर कर दिया था।
जून 2026 : तिल्दा-नेवरा में अफसरों को धमकाया
तिल्दा-नेवरा क्षेत्र में अवैध उत्खनन की जांच करने पहुंची खनिज विभाग की टीम के साथ अभद्रता और धमकी का मामला सामने आया। एक निजी रेस्टोरेंट में अधिकारियों को कथित तौर पर रसूखदार लोगों ने घेर लिया। सूत्रों के मुताबिक हथियार दिखाकर डराने की कोशिश की गई और गाली-गलौज भी हुई। घटना के बाद प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया। मामला राजस्व मंत्री के विधानसभा क्षेत्र से जुड़ा होने के कारण राजनीतिक चर्चाएं भी तेज हो गईं। अधिकारियों ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी वरिष्ठ अफसरों को दी।
12 नवंबर 2024: जांजगीर में घर में घुसकर फायरिंग
जांजगीर-चांपा जिले में रेत कारोबार और अवैध वसूली को लेकर हुए विवाद में बदमाशों ने घर में घुसकर फायरिंग कर दी। हमले में रेत कारोबार से जुड़े दो भाई गंभीर रूप से घायल हुए, जिनमें एक की मौत हो गई। बताया गया कि विवाद घाट में वाहनों की एंट्री और वसूली को लेकर था। घटना के बाद क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा। इस हमले ने रेत कारोबार में सक्रिय गिरोहों की बढ़ती हिंसा को उजागर किया।
5 अप्रैल 2025: धमतरी में ग्रामीणों पर धारदार हमला
धमतरी जिले में महानदी के रेत घाट पर अवैध उत्खनन का विरोध करने पहुंचे ग्रामीणों पर तस्करों ने हमला कर दिया। विवाद इतना बढ़ा कि लाठी, फरसा और चाकू तक निकल आए। आधा दर्जन ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बन गया। ग्रामीणों का आरोप था कि लंबे समय से मशीनों से अवैध उत्खनन चल रहा था। लेकिन शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। विरोध करने वालों को ही धमकाया जा रहा था।
22 फरवरी 2025: सारंगढ़ में युवक को मारी गोली
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के एक रेत घाट में रायल्टी पर्ची और अवैध लोडिंग को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया और एक युवक पर कट्टे से फायरिंग कर दी गई। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया और रेत माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। स्थानीय लोगों का कहना था कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध उत्खनन का नेटवर्क सक्रिय है।
9 जून 2025: गरियाबंद में पत्रकारों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटागरियाबंद जिले में अवैध रेत खनन की कवरेज करने पहुंचे पत्रकारों पर हमला किया गया। माफिया ने कैमरे और आइडी कार्ड छीन लिए और पत्रकारों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। घटना के दौरान हवाई फायरिंग भी की गई थी। जान बचाकर भागते पत्रकारों ने वीडियो बनाकर प्रशासन से सुरक्षा की मांग की थी। घटना के बाद जिला प्रशासन ने संबंधित रेत घाट संचालकों को नोटिस जारी किया। इस वारदात ने मीडिया की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े किए।
25 सितंबर 2024: कवर्धा में वन विभाग टीम पर हमलाकवर्धा जिले में अवैध रेत खनन रोकने पहुंची वन विभाग की टीम पर माफिया ने हमला कर दिया था। अधिकारियों और कर्मचारियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। कई कर्मचारियों के सिर फूट गए और वाहन भी क्षतिग्रस्त कर दिए गए। घटना के बाद पुलिस ने 22 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इस हमले ने साफ कर दिया था कि अवैध खनन से जुड़े गिरोह अब सीधे सरकारी अमले को चुनौती देने लगे हैं।
नया नियम लागू, लेकिन नहीं टूटा नेटवर्क
प्रदेश में नया रेत नियम लागू होने और ड्रोन निगरानी जैसे दावे किए गए। लेकिन जमीनी असर सीमित दिखाई दे रहा है। कई जिलों में रातभर मशीनों से उत्खनन जारी है। विशेषज्ञों का मानना है कि जब तक खनन, परिवहन, रायल्टी और संरक्षण नेटवर्क की संयुक्त जांच नहीं होगी, तब तक इस कारोबार पर रोक संभव नहीं है। करोड़ों रुपये के इस धंधे में स्थानीय गठजोड़ और राजनीतिक प्रभाव की चर्चा लगातार होती रही है। यही वजह है कि कार्रवाई के बाद भी माफिया के हौसले बुलंद हैं।
Source link












