ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर अवैध पैसों का खेल: दुर्ग में म्यूल अकाउंट के जरिए ट्रांजेक्शन करने वाले गिरोह का खुलासा; दो थानों की संयुक्त कार्रवाई में 11 आरोपी गिरफ्तार – durg-bhilai News
दुर्ग-भिलाई में ऑनलाइन गेमिंग के जरिए अवैध पैसों के लेन-देन का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो म्यूल अकाउंट के जरिए पैसों का ट्रांजेक्शन कर रहा था। इस मामले में थाना पदमनाभपुर और मोहन नगर पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस पूरे मामले की शुरुआत एक शिकायत से हुई थी। भिलाई के हुडको निवासी अविनाश दुबे ने 30 दिसंबर 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि कुछ लोग अलग-अलग बैंकों में खाते खुलवाकर उनके एटीएम कार्ड, पासबुक और चेकबुक अपने पास रखते थे और इन खातों का इस्तेमाल ऑनलाइन गेमिंग के जरिए अवैध लेन-देन के लिए किया जा रहा था। जांच में हुआ खुलासा, कई लोगों से लिया था खाता
शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण किया और बैंक खातों की जानकारी खंगाली। इसमें सामने आया कि कई लोग अपने बैंक खाते गिरोह को दे रहे थे, जिन्हें म्यूल अकाउंट के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था। दो थानों की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
पुलिस ने दोनों थाना क्षेत्रों में संयुक्त कार्रवाई करते हुए 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया। जांच में पता चला कि ये सभी आरोपी अपने बैंक खाते और जरूरी दस्तावेज लालच में गिरोह को उपलब्ध कराते थे, ताकि उनके जरिए पैसों का अवैध लेन-देन किया जा सके। आरोपियों को इस काम के बदले पैसे दिए जाते थे। गिरफ्तार आरोपियों में सूरज महतो, रूपेश यादव, दीपक विश्वकर्मा, मिथलेश यादव, इसाब मेहत्तर, वेद प्रकाश ठाकुर, सुरेंद्र यादव, साहिल मेश्राम, प्रशांत लाउत्रे, भूपेंद्र सोनी और रंजीत कौर शामिल हैं। सभी आरोपी दुर्ग-भिलाई क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं। 8 मोबाइल फोन के साथ सभी दस्तावेज जब्त
पुलिस ने आरोपियों के पास से 8 मोबाइल फोन, कई बैंक खातों से जुड़े एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य बैंक दस्तावेज जब्त किए हैं। इन सभी का इस्तेमाल ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर पैसों के ट्रांजेक्शन में किया जा रहा था। फिलहाल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया है, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
<










