मुख्यमंत्री साय ने जशपुर में सरहुल महोत्सव में की पूजा: प्रदेश की सुख-समृद्धि, अच्छी वर्षा की कामना की – Jashpur News
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जशपुर में आयोजित सरहुल महोत्सव में शामिल हुए। उन्होंने दीपू बगीचा में सरना परंपरा के अनुसार धरती माता, सूर्य देव और साल वृक्ष की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सुख-समृद्धि, अच्छी वर्षा और समृद्ध फसल की कामना की। पूजा के दौरान बैगा ने मुख्यमंत्री के कान में सरई (साल फूल) खोंसकर पारंपरिक रस्म निभाई। पर्व नव जीवन का प्रतिक
सरहुल पर्व उरांव समुदाय का प्रमुख त्योहार है, जो चैत्र महीने में प्रकृति के नवजीवन के प्रतीक के रूप में मनाया जाता है।
महोत्सव में 100 से अधिक महिलाओं और युवतियों ने पारंपरिक वेशभूषा में सरहुल नृत्य प्रस्तुत किया। मांदर की थाप पर पूरा परिसर संगीतमय हो उठा। सरहुल पर्व में प्रकृति, धरती पूजा महत्वपूर्ण मुख्यमंत्री ने जिलेवासियों को सरहुल उत्सव और हिंदू नववर्ष की बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह पर्व प्रकृति, धरती पूजा और जनजातीय संस्कृति का महत्वपूर्ण प्रतीक है, जिसे संजोकर रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने धर्म स्वतंत्रता विधेयक पर भी बात की। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ विधानसभा में इस विधेयक पर चर्चा हुई है और इसे पारित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कानून धर्मांतरण पर रोक लगाने में प्रभावी साबित होगा और प्रदेश में सामाजिक संतुलन बनाए रखने में मदद करेगा।
सरकार जनता से किए गए वादों को पूरा कर रही CM ने विकास कार्यों और योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार जनता से किए गए वादों को पूरा कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लोगों को आवास मिल रहे हैं। महतारी वंदन योजना के माध्यम से हजारों करोड़ रुपए महिलाओं को दिए जा चुके हैं, जिससे वे आत्मनिर्भर बन रही हैं। किसानों के लिए 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है। CM ने कहा जनजातीय संस्कृति के संरक्षण के लिए विशेष बजट प्रावधान किए गए हैं, जिसमें बैगा को वार्षिक सहायता और गांवों के विकास के लिए राशि शामिल है।
<













