आज रायपुर में होगा हनुमान चालीसा महापाठ: पंडित दीनदयाल ऑडिटोरियम में जुटेंगे श्रद्धालु, 100 से अधिक देशों में होगा लाइव प्रसारण, रायगढ़ निकलेगी भव्य शोभायात्रा – Chhattisgarh News
छत्तीसगढ़ में रामनवमी के अवसर पर कई धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राजधानी रायपुर में हनुमान चालीसा महापाठ का भव्य आयोजन होगा। रायगढ़ में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके अलावा अन्य जिलों में भी शोभायात्राएं और विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में हनुमान चालीसा महापाठ का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम श्री हनुमान महापाठ समिति की ओर से लगातार 18वें वर्ष आयोजित किया जा रहा है। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण संस्कार टीवी के माध्यम से दुनिया के 100 से अधिक देशों में किया जाएगा। समिति के पदाधिकारियों के अनुसार, रायपुर के साथ ही देशभर के करीब 2000 स्थानों पर एक ही समय में श्रद्धालु सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे, जिससे यह आयोजन वैश्विक स्तर पर विशेष महत्व प्राप्त करेगा। शाम 6 बजे से भजन संध्या का आयोजन आयोजन के पहले चरण में शाम 6 बजे से भजन संध्या का आयोजन होगा, जिसमें भक्ति संगीत की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसके बाद शाम 7 बजे से सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ शुरू होगा, जो करीब डेढ़ घंटे तक चलेगा। इस दौरान श्रद्धालु एक साथ मिलकर हनुमान जी की स्तुति करेंगे। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण जीवन प्रबंधन गुरु पंडित विजय शंकर मेहता का विशेष व्याख्यान होगा। वे “कुमति निवार सुमति के संगी” विषय पर मार्गदर्शन देंगे। आयोजन समिति ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस आध्यात्मिक कार्यक्रम का लाभ उठाने की अपील की है। रायगढ़ में निकलेगी भव्य शोभायात्रा रायगढ़ में हर साल की तरह इस बार भी भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि रामनवमी शोभायात्रा की शुरुआत 2014 में हुई थी। इस साल 54 समाजों के लोगों की सहभागिता के साथ 60 से अधिक बिरादरी और संस्थाओं के प्रतिनिधि इसमें शामिल होकर इतिहास रचेंगे। शहर के उन चौक-चौराहों से जहां से शोभायात्रा निकलेगी, वहां विशेष लाइटिंग और तोरण की व्यवस्था की गई है, जिससे पूरा शहर राममय हो गया है। बताया जा रहा है कि प्रशासन की पहल से शोभायात्रा मार्ग पर 3 से 4 स्थानों पर एम्बुलेंस की व्यवस्था रहेगी, जिसमें डॉक्टर्स और चिकित्सा दल आपातकालीन स्थिति में तत्पर रहेंगे। साथ ही नगर निगम की टीम शोभायात्रा के पीछे सफाई व्यवस्था संभालेगी। शोभायात्रा का समापन रामलीला मैदान में होगा, जिसके बाद रामभक्तों के लिए विशाल भंडारा और श्रीराम जी की आरती के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा ये रहेंगे शोभायात्रा के आकर्षण के केंद्र आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि रामनवमी शोभायात्रा में पंजाब पाइप बैंड, काला हांडी कटप्पा, सुआ नृत्य, पंथी नृत्य और कोलकाता से आए कार्टून दर्शकों का आकर्षण का केंद्र होंगे। इसके अलावा आदिवासी नृत्य समेत दर्जनभर ऐसे कार्यक्रम होंगे, जो लोगों को न केवल मनोरंजन प्रदान करेंगे, बल्कि रोमांचक अखाड़ेबाजी का नजारा भी सड़कों पर प्रस्तुत करेंगे। चप्पे-चप्पे पर रहेगा पुलिस का पहरा शहर के नटवर स्कूल मैदान से रामलीला मैदान तक शोभायात्रा के मार्ग पर और आसपास के इलाकों में सुबह से लेकर रात तक न केवल पुलिस का पहरा रहेगा, बल्कि जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के कर्मचारी और जिम्मेदार अधिकारी भी मॉनिटरिंग करेंगे और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सक्रिय रहेंगे। शोभायात्रा रूट चार्ट शहर में रामनवमी पर्व दौरान आयोजित भगवान श्रीराम शोभा यात्रा नटवर स्कूल मैदान से प्रारंभ होगी। इसके बाद शोभा यात्रा गांधी प्रतिमा तिराहा, एमजी रोड, रामनिवास टाकिज चौक, सिल्वर पैलेस तिराहा, गौरीशंकर मंदिर, न्यू मार्केट तिराहा, सुभाष चौक, गद्दी चौक, कोष्टापारा तिराहा, चांदनी चौक, गांजा चौक, हटरी चौक, सिटी कोतवाली, हण्डी चौक, घड़ी चौक होते हुए रामलीला मैदान में समापन होगा। पार्किंग पाइंट 1 पुराना पुलिस लाईन
2 मिनी माता चौक
3 मरीन ड्राइव पम्प हाउस तक
डायवर्सन पाइंट 1 केवड़ाबाड़ी चौक,
2 शहीद चौक,
3 गोगाराईस मिल,
4 सत्तीगुढ़ी चौक
चार पहिया वाहन पूर्णतः प्रतिबंधित 1 गांधी प्रतिमा, 2 गोगाराईस मिल,
3 हण्डी चौक,
4 सारंगढ़ चौक (अग्रसेन चौक)
5 झाराशिल्प चार पहिया औक दो पहिया आवागमन मार्ग 1. किरोड़ीमल चौक की ओर से आने वाली यातायात शोभायात्रा प्रारंभ होने के 2 घंटे पहले केवड़ाबाड़ी चौक से मधुबनपारा मार्ग से सर्किट हाउस व मरीन ड्राइव का उपयोग कर नया शनिमंदिर, डिसेंट टेलर तिराहा होकर गंतव्य को जा सकते हैं। 2. जूटमिल की ओर से आने वाली यातायात डिसेंट टेलर तिराहा से नया शनिमंदिर से मरीन ड्राइव होते हुए, सर्किट हाउस, रामपुर तिराहा से मधुबनपारा होते हुए केवडाबाड़ी से अपने गंतव्य की ओर जा सकते हैं।
<











