विज्ञापन दें / सहयोग करें

अमानत में खयानत का मामला: घरघोड़ा पुलिस ने शकील अहमद को किया गिरफ्तार

25 लाख की सामग्री गबन का आरोप, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी

घरघोड़ा (गौरी शंकर गुप्ता)। घरघोड़ा पुलिस ने अमानत में खयानत के गंभीर मामले में सक्ती जिले के निवासी शकील अहमद को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी पर जल जीवन मिशन योजना के तहत जल-नल कनेक्शन कार्य के दौरान करीब 25 लाख रुपये की निर्माण सामग्री गबन करने का आरोप है।

कैसे हुआ घोटाला?

28 मार्च को रायगढ़ स्थित मेसर्स आर्या कंस्ट्रक्शन कंपनी के एकाउंटेंट मिथलेश कुमार पटेल ने घरघोड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई। उनके अनुसार, कंपनी ने तमनार और घरघोड़ा ब्लॉक में जल-नल आपूर्ति का ठेका लिया था, जिसके तहत शकील अहमद को जुलाई 2023 में पेटी कॉन्ट्रैक्टर के रूप में कार्य सौंपा गया था।

कंपनी ने आरोपी को 22.50 लाख रुपये का भुगतान किया और निर्माण कार्य के लिए उसे 330 टन सीमेंट, 30.93 टन स्टील, 52,000 मीटर पाइप, 17,000 मीटर कंपोजिट पाइप समेत अन्य सामग्री उपलब्ध कराई। लेकिन जनवरी 2024 में शकील अहमद काम अधूरा छोड़कर फरार हो गया।

जब 11 जनवरी 2024 को सामग्री का मिलान किया गया, तो पाया गया कि 135 टन सीमेंट, 13 टन स्टील, 3,000 मीटर पाइप, 4,000 मीटर कंपोजिट पाइप समेत करीब 25 लाख रुपये की सामग्री लापता थी।

पुलिस ने ऐसे पकड़ा आरोपी

शिकायत के आधार पर घरघोड़ा पुलिस ने अपराध क्रमांक 72/2025, धारा 409 भा.द.वि. के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी रामकिंकर यादव के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी शकील अहमद को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया।

पुलिस टीम की अहम भूमिका

इस कार्रवाई में निरीक्षक रामकिंकर यादव, सहायक उप निरीक्षक रामसंजीवन वर्मा, प्र आर परसमनी बेहरा, आर. हरीश पटेल, उद्यो पटेल समेत अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button