रायगढ़ में पान दुकान के पीछे गांजे की तस्करी: 62 हजार का गांजा पकड़ाया, बोरोडीपा में झड़ियों में छिपाए रखा था देशी शराब, आरोपी गिरफ्तार – Raigarh News
रायगढ़ जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत पुसौर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गांजा तस्करी और देशी शराब की अवैध बिक्री करने वाले 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से गांजा और भारी मात्रा में देशी शराब जब्त की गई है। मामला पुसौर थाना क्षेत्र का है। दरअसल, सोढ़ापाठ मंदिर के पास एक पान दुकान के पीछे गांजा छिपाकर रखा गया है। पुलिस ने घेराबंदी कर दबिश दी और पुराना बस स्टैंड निवासी गुलाब यादव (55) को पकड़ा। तलाशी में उसके पास से 6.200 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 62 हजार रुपए आंकी गई है। पूछताछ में आरोपी ने ओडिशा से सस्ते दाम पर गांजा लाकर यहां बेचने की बात कबूल की। झाड़ियों में छिपाकर रखे 259 पाव देशी शराब, दूसरा आरोपी भी पकड़ा इसी दौरान पुलिस को उसी क्षेत्र में देशी शराब की अवैध बिक्री की सूचना मिली। जांच के दौरान बोरोडीपा निवासी दीपेश ठाकुर (34) को पकड़ा गया। उसके कब्जे से झाड़ियों में छिपाकर रखे 259 पाव देशी शराब बरामद किए गए, जिसकी कीमत 20 हजार रुपए से अधिक है। दोनों आरोपियों पर केस दर्ज, आगे की कार्रवाई जारी पुलिस ने गांजा तस्कर के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(b) के तहत मामला दर्ज किया है, वहीं शराब बेचने वाले आरोपी पर आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। SSP बोले- नशे के कारोबार पर सख्ती जारी एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। ऑपरेशन आघात के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है और आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।
<









