बालोद में शिवसेना प्रदेश सह सचिव के घर आग…VIDEO: 8 लाख का सामान जलकर खाक, अंदर सो रहा व्यक्ति बाल-बाल बचा, टीवी-फ्रिज जले – Balod News
बालोद शहर के वार्ड नंबर- 9 कुर्मीपारा में सोमवार-मंगलवार की मध्य रात्रि भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। शिवसेना के प्रदेश सह सचिव शंकर चेनानी के पुराने घर में रात करीब 3 बजे अचानक आग भड़क उठी। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरा मकान इसकी चपेट में आ गया। तेज लपटों के कारण घर में रखा अधिकांश सामान नहीं बचाया जा सका। प्रारंभिक जानकारी में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। कुछ स्थानीय लोगों ने घर के ऊपर लगे नीम के पेड़ की सूखी पत्तियों से आग भड़कने की आशंका भी जताई है। वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। टीवी-फ्रिज समेत बाइकें जलीं इस हादसे में टीवी, फ्रिज, कूलर समेत अन्य कीमती सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया। कर्मचारियों की दो बाइक भी आग में नष्ट हो गईं। दो गैस सिलेंडर आग की चपेट में आए, लेकिन फटने से बच गए। सिलेंडर से गैस का रिसाव होता रहा, जिससे बड़ा हादसा टल गया। कुल नुकसान करीब 8 लाख रुपए से अधिक आंका गया है। कर्मचारी ने भागकर बचाई जान शंकर चेनानी के भाई दीपक चेनानी ने बताया कि परिवार पिछले 8 सालों से नए मकान में रह रहा है। पुराने घर में पान-गुटखा कंपनी के कर्मचारी रहते हैं। घटना के समय एक कर्मचारी अंदर सो रहा था, जिसने रात करीब ढाई बजे किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
पीछे से शुरू हुई आग, बड़ा हादसा टला जानकारी के मुताबिक आग मकान के पीछे हिस्से से शुरू हुई और धीरे-धीरे आगे की ओर बढ़ी। अगर आग सामने से शुरू होती तो स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती थी। लकड़ी की छत बनी नुकसान की वजह शंकर चेनानी ने बताया कि मकान की छत में सागौन की लकड़ियों का उपयोग किया गया था, जो आग में पूरी तरह जल गईं। इससे आग तेजी से फैल गई। फायर ब्रिगेड ने सुबह पाया काबू घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद मंगलवार सुबह करीब 6 बजे आग पर काबू पाया गया। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। आग लगने की असली वजह का पता लगाया जा रहा है।
<












