‘दहेज के लिए मुझे रोज मारते हैं… पापा, अब मैं जीना नहीं चाहती’, प्रताड़ना से तंग महिला ने छत से लगाई छलांग
CG Crime News: छत्तीसगढ़ के जगदलपुर जिले के करपावंड क्षेत्र में बिहार के रोहतास जिले की रहने वाली सृष्टि उर्फ प्रिया गुप्ता ने दहेज प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली। 11 वर्ष पहले हुई शादी के बाद से सृष्टि लगातार ससुराल पक्ष की मारपीट और अपमान का सामना कर रही थी।
Publish Date: Mon, 27 Oct 2025 08:39:04 PM (IST)
Updated Date: Mon, 27 Oct 2025 08:46:18 PM (IST)
HighLights
- दहेज के लिए ससुराल वालों पर प्रताड़ना का आरोप।
- सृष्टि गुप्ता ने छत से कूदकर आत्महत्या की।
- आत्महत्या से पहले पिता को सुसाइड नोट भेजा।
नईदुनिया प्रतिनिधि, जगदलपुर: जिले के करपावंड में बिहार के रोहतास जिले की बेटी सृष्टि उर्फ प्रिया गुप्ता ने लगातार ससुराल पक्ष के मारपीट व प्रताड़ना से तंग आकर बीते दिन छत से कूदकर आत्महत्या कर ली। प्रिया ने मौत से पहले पेपर में सुसाइड नोट लिखकर अपने पिता को वाट्सएप पर भेजा। मामले में पुलिस जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, सृष्टि की शादी करपावंड के सत्येंद्र गुप्ता से 11 वर्ष पहले हुई थी। सृष्टि के दो छोटे बच्चे 11 साल की बेटी और पांच साल का बेटा है।
जेठ और सास ने निर्वस्त्र कर पिटाई की
शादी के बाद से ही पति, जेठ संतोष गुप्ता, ससुर जगरनाथ गुप्ता और सास द्वारा लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। उसे आए-दिन अपने मायके से नकद समेत वस्तुओं के लिए डिमांड करने दबाव बनाया जाता था। बहू को आए दिन ताना देते थे तथा उसकी पिटाई भी की जाती थी। घटना दिवस की सुबह दुकान में झाड़ू लगाने में देरी होने से नाराज जेठ व सास ने सृष्टि को कथित रूप से निर्वस्त्र कर पिटाई की थी।
इसके बाद अपमान और अत्याचार से तंग आकर वह छत पर गई और नीचे छलांग लगा दिया। इसके पहले उसने हाथ से सुसाइड नोट लिखकर मोबाइल से फोटो लेकर अपने पिता विनोद प्रसाद गुप्ता को सेंड किया था। घटना से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रिया के स्वजन ने ससुराल पक्ष समेत पुलिस पर भी शिकायत पर कार्रवाई नहीं करने व लेनदेन कर मामला निपटाने का आरोप लगाया है। स्वजन बेटी को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं।
पापा को भेजा सुसाइड नोट
आत्महत्या के पूर्व सृष्टि ने अपने पिता विनोद प्रसाद गुप्ता को हाथ से लिखा सुसाइड नोट वाट्सएप के माध्यम से भेजा। इसमें जिक्र किया कि ‘पापा, दहेज के लिए मुझे रोज मारा जा रहा है… बच्चों को मुझसे दूर रखा जाता है… अब मैं जीना नहीं चाहती।’ उसने यह भी लिखा कि उसकी तबीयत खराब होने पर भी डाक्टर के पास जाने नहीं दिया जाता। 15 अक्टूबर की सुबह उसे घसीट कर मारने और जलील करने की बात भी लिखी है।
Source link











