76 करोड़ की फर्जी बिलिंग का खुलासा: GST विभाग ने कारोबारी को किया गिरफ्तार, 14 दिन के लिए जेल भेजा – Raipur News
राजनांदगांव में राज्य GST विभाग ने फर्जी बिलिंग और टैक्स चोरी के बड़े मामले का खुलासा किया है। विभाग ने मैसर्स आदेश्वर ट्रेड लिंक के संचालक आदेश्वर चौरड़िया को गिरफ्तार कर 14 दिनों की कस्टोडियल रिमांड पर जेल भेज दिया है। विभागीय जांच में सामने आया कि फर्म ने पिछले करीब 6 महीने के दौरान 78 करोड़ रुपए से अधिक का कारोबार दिखाया, लेकिन जांच में इन लेन-देन के वास्तविक होने के पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिले। अधिकारियों के मुताबिक, कारोबार केवल कागजों में दर्शाया गया था। पश्चिम बंगाल की फर्मों से लिए गए फर्जी बिल जांच में सामने आया कि फर्म ने पश्चिम बंगाल की कुछ संदिग्ध कंपनियों से आयरन और स्टील खरीदी के करोड़ों रुपए के बिल लिए थे। हालांकि माल की वास्तविक खरीदी के सबूत नहीं मिले। इन बिलों के आधार पर फर्जी ITC का लाभ लिया गया । और आगे दूसरे करदाताओं को भी इसका फायदा पहुंचाया गया। जांच में अधिकांश सप्लायर फर्मों के GST पंजीयन निरस्त पाए गए और उनके वास्तविक कारोबार के भी कोई विश्वसनीय साक्ष्य नहीं मिले। फर्जी बिलिंग नेटवर्क का हिस्सा होने का शक अधिकारियों के मुताबिक, कई फर्में सिर्फ फर्जी बिल जारी करने और गलत तरीके से ITC उपलब्ध कराने के लिए संचालित की जा रही थीं। जांच में माल के वास्तविक परिवहन या सप्लाई के प्रमाण नहीं मिले। इससे यह आशंका है कि पूरा मामला केवल कागजी बिलिंग और बोगस ITC नेटवर्क से जुड़ा हुआ है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद विभाग ने आदेश्वर चौरड़िया को गिरफ्तार किया। कई अन्य लोगों की भी जांच राज्य कर विभाग की जांच अभी जारी है। बैंक खातों, ई-वे बिल, परिवहन दस्तावेजों और संबंधित व्यापारिक इकाइयों की भूमिका की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में कई अन्य व्यक्तियों और फर्मों के भी इस नेटवर्क से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। विभाग का मानना है कि आगे की जांच में और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं। विभाग ने क्या कहा विभाग का कहना है कि ईमानदार टैक्स पेयर्स के हितों की रक्षा करना उसकी प्राथमिकता है। फर्जी बिलिंग और बोगस ITC के जरिए कर चोरी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
<













