विज्ञापन दें / सहयोग करें

दुर्ग में ATM लूट की कोशिश: बदमाशों ने CCTV किया खराब, फिर एटीएम उखाड़ मेटाडोर में किया लोड, पड़ोसी की नींद खुली तो हुए फरार – durg-bhilai News

दुर्ग के नंदिनी नगर थाना क्षेत्र के ननकट्ठी में देर रात कुछ बदमाशों ने एटीएम लूटने की कोशिश की। 7–8 की संख्या में पहुंचे बदमाशों ने सबसे पहले एटीएम बूथ के सीसीटीवी कैमरे पर केमिकल स्प्रे छिड़ककर उसे खराब कर दिया, ताकि वारदात रिकॉर्ड न हो।

.

फिर उन्होंने एटीएम मशीन को उखाड़कर मेटाडोर में लोड किया। लेकिन इसी दौरान पास के घर के लोग उठ गए और बाहर आ गए, जिन्हें देखकर बदमाश एटीएम और मेटाडोर वहीं छोड़कर भाग गए।

जानकारी के अनुसार, घटना देर रात करीब ढाई बजे की है। ननकट्ठी के एटीएम बूथ में 7 से 8 बदमाशों ने पहले सीसीटीवी कैमरे पर स्प्रे किया और फिर गैस कटर और औजारों से एटीएम को उखाड़ लिया।

पुलिस के मुताबिक, बदमाश टाटा कंपनी की मेटाडोर (सीजी 07 एवी 1310) लेकर पहुंचे थे। यह मेटाडोर भी चोरी की थी। उन्होंने एटीएम मशीन को मेटाडोर में लोड कर लिया था। लेकिन आवाज सुनकर पास में रहने वाला परिवार उठ गया। कुछ संदिग्ध गतिविधि देखकर घर वाले बाहर निकले तो उन्हें देखकर बदमाश घबरा गए और मौके से भाग निकले।

शोर मचाने पर भागे चोर आस-पास के लोगों ने बताया कि वे बाहर निकले तो देखा कि एटीएम बूथ का शटर खुला हुआ था और एक वाहन में कुछ लोग मशीन लादने की कोशिश कर रहे थे। शोर मचाने पर बदमाशों ने मेटाडोर वहीं छोड़ दी और अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। घरवालों ने कुछ दूरी तक उनका पीछा किया, लेकिन वे फरार हो गए।

सूचना मिलते ही नंदिनी थाना प्रभारी पारस ठाकुर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने एटीएम बूथ और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।

चोरी की मेटाडोर से पहुंचे थे बदमाश जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि जिस मेटाडोर वाहन का इस्तेमाल एटीएम लूट में किया गया, वह चोरी की थी। यह मेटाडोर पुलगांव थाना क्षेत्र के गनियारी से कुछ दिन पहले चोरी हुई थी। नंदिनी टीआई पारस ठाकुर ने बताया कि बदमाशों ने पहले मेटाडोर चोरी की और फिर उसी का इस्तेमाल वारदात को अंजाम देने में किया, ताकि पुलिस की जांच भ्रमित हो सके।

अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ननकठी और गनियारी दोनों इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस टीम आसपास के इलाकों में संदिग्ध वाहनों और बदमाशों की तलाश में जुटी है। वहीं, एटीएम बूथ के आसपास से फिंगरप्रिंट और अन्य सबूत जुटाए जा रहे हैं। जांच अधिकारी का कहना है कि फुटेज से जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।


<

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button