नक्सली-मामलों में जेलों में बंद ग्रामीणों की रिहाई की मांग: विधायक संग रिश्तेदार गृहमंत्री से मिलने रायपुर रवाना; कहा- बिना सबूत के नक्सली बताकर रखा – Bijapur News
बीजापुर से नक्सली मामलों में जेलों में बंद निर्दोष आदिवासी ग्रामीणों की रिहाई की मांग को लेकर उनके परिजनों का एक प्रतिनिधिमंडल रविवार को रायपुर के लिए रवाना हुआ। यह प्रतिनिधिमंडल विधायक विक्रम मंडावी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, गृह मंत्री विजय शर्मा और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत से मुलाकात कर अपनी मांग रखेगा। उनका कहना है कि जिस प्रकार हार्डकोर नक्सलियों के मामलों को वापस लिया गया है, उसी तरह निर्दोष और गरीब आदिवासियों को भी तत्काल जेलों से रिहा किया जाना चाहिए। उनका आरोप है कि कई ग्रामीणों को बिना ठोस सबूत के नक्सली बताकर वर्षों से जेल में रखा गया है और वे न्याय की प्रतीक्षा कर रहे हैं। कलेक्टर को सौंपा था ज्ञापन इससे पहले 9 जुलाई को जिला मुख्यालय बीजापुर में विधायक विक्रम मंडावी की मौजूदगी में बंद आदिवासियों के परिजनों की बैठक हुई थी। बैठक के बाद मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर निर्दोष ग्रामीणों की रिहाई की मांग की गई थी। जेलों में रखने का कोई औचित्य नहीं रायपुर रवाना होने से पहले विधायक विक्रम मंडावी ने कहा कि प्रदेश अब नक्सलमुक्ति की ओर बढ़ रहा है, ऐसे में निर्दोष आदिवासियों को जेलों में रखने का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने जोर देकर कहा कि “बस्तर के आदिवासी समाज के हितों की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है।” प्रतिनिधिमंडल में सोनाराम बारसा, शांति कोरसा, रोहिता ताती, विनित इरपा, वामन कड़ती, सेवंती गोटा, मुन्ना ओयाम, भीमा मड़कम, विकास अवलम, मंगेस बारसे, बीजू लेकाम और महेश रेंगा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हैं।
<












