पुलिस कस्टडी में युवक की मौत, थाने का घेराव: रिश्तेदार बोले- मारपीट हुई, पुलिस बोली- मिर्गी का दौरा पड़ा
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के चांपा थाना क्षेत्र में पुलिस हिरासत में 30 वर्षीय युवक शिव सहिस की मौत हो गई। मृतक मेहंदीपारा का निवासी था। परिजनों ने पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाते हुए चांपा थाने का घेराव कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, चांपा थाने के एक ट्रेनी सब इंस्पेक्टर और दो आरक्षकों ने शिव सहिस को बुधवार दोपहर उसके घर से पकड़ा था। उस पर 20 लीटर देशी शराब रखने का आरोप था।
पुलिस के मुताबिक, बुधवार रात करीब 10 बजे थाने में उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे पहले बीडीएम अस्पताल भेजा गया। वहां इलाज के बाद गुरुवार सुबह 6 बजे जांजगीर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि युवक को मिर्गी का दौरा पड़ा था।
घटना की जानकारी मिलते ही आक्रोशित परिजन और बड़ी संख्या में लोग चांपा थाने का घेराव कर दिया। परिजनों ने पुलिस पर शिव के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जांजगीर जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखा है। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। पोस्टमॉर्टम के बाद मौत की वजह स्पष्ट होगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।











