बिजली दर और स्मार्ट मीटर को लेकर कांग्रेस का आंदोलन: अगस्त से घर-घर अभियान, बिजली कार्यालयों का घेराव और मुख्यमंत्री निवास तक मार्च की तैयारी – janjgir champa News
छत्तीसगढ़ में बिजली दरों में बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर कांग्रेस ने राज्य सरकार के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की है। जांजगीर-चांपा में आयोजित पत्रकार वार्ता में जिला कांग्रेस कमेटी ने बताया कि अगस्त से प्रदेशभर में स्मार्ट मीटर हटाने और बढ़ी हुई बिजली दरें वापस लेने की मांग को लेकर अभियान शुरू किया जाएगा। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने बताया कि अगस्त से कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से स्मार्ट मीटर हटाने और बिजली दरों में बढ़ोतरी के विरोध में आवेदन भरवाएंगे। यह अभियान लगातार दो महीने तक चलाया जाएगा। घर-घर अभियान पूरा होने के बाद जिला मुख्यालयों में बिजली कार्यालयों का घेराव किया जाएगा। इस दौरान एकत्रित आवेदन संबंधित अधिकारियों को सौंपे जाएंगे और उनकी पावती भी ली जाएगी। अंतिम चरण में मुख्यमंत्री निवास का घेराव कांग्रेस ने बताया कि आंदोलन के अंतिम चरण में मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा। इस दौरान जनता की मांगों को सरकार के सामने रखा जाएगा। भाजपा सरकार पर बिजली दर बढ़ाने का आरोप जांजगीर-चांपा विधायक अभ्यास कश्यप ने आरोप लगाया कि जुलाई से घरेलू, गैर-घरेलू और कृषि उपभोक्ताओं की बिजली दरों में फिर से बढ़ोतरी की गई है। उनका दावा है कि भाजपा सरकार बनने के बाद अब तक पांच बार बिजली दरें बढ़ाई जा चुकी हैं। ‘बिजली बिल हाफ’ योजना का किया जिक्र विधायक अभ्यास कश्यप ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में 400 यूनिट तक ‘बिजली बिल हाफ’ योजना लागू थी, जिससे आम उपभोक्ताओं को राहत मिलती थी। स्मार्ट मीटर को लेकर लगाए गंभीर आरोप कांग्रेस का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद कई उपभोक्ताओं के बिजली बिल तीन से चार गुना तक बढ़कर आ रहे हैं। पार्टी का यह भी कहना है कि कई मामलों में उपभोक्ताओं की सहमति के बिना अनुबंध भार बढ़ाया जा रहा है और अधिक बिजली खपत का हवाला देकर अतिरिक्त शुल्क वसूला जा रहा है।
Source link













