बलरामपुर में केमिकल टैंकर पलटा, भीषण आग: फूलीडूमर घाट पर हादसा, यातायात रहा बाधित, – Balrampur (Ramanujganj) News
बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर स्थित फूलीडूमर घाट पर मंगलवार सुबह करीब 11 बजे एक केमिकल से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। टैंकर पलटते ही उसमें भीषण आग लग गई, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। यह घटना बसंतपुर थाना क्षेत्र में हुई। जानकारी के अनुसार, केमिकल से लदा यह टैंकर अंबिकापुर से वाराणसी की ओर जा रहा था। फूलीडूमर घाट पर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद टैंकर से केमिकल रिसकर आसपास के खेतों में फैल गया, जिससे खेतों में भी आग लग गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई दे रहा था। घटनास्थल से दूर रहने की हिदायत घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। आग की तीव्रता को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचीं। सुरक्षा के मद्देनजर लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की हिदायत दी गई। चालक और क्लीनर बाल-बाल बच गए इस हादसे में टैंकर चालक और क्लीनर बाल-बाल बच गए। उन्होंने समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और राहगीर मौके पर जमा हो गए, जिससे कुछ समय के लिए मार्ग पर आवागमन भी प्रभावित रहा। दमकल कर्मियों द्वारा आग बुझाने का कार्य जारी है। प्रशासन द्वारा क्षेत्र की निगरानी की जा रही है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
<












