“जशपुर में प्रेम प्रसंग बना खूनी खेल: चार महीने बाद युवक की नृशंस हत्या का खुलासा, एक ही परिवार के 5 आरोपी गिरफ्तार”
जशपुर पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्या मामले का खुलासा करते हुए चार महीने पूर्व लापता हुए युवक अनिरुद्ध दास की नृशंस हत्या के मामले में एक ही परिवार के पाँच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह हत्याकांड अवैध प्रेम संबंध की रंजिश के चलते बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया था।
पुलिस के अनुसार, मृतक अनिरुद्ध दास (40 वर्ष), निवासी लिचिरमा, थाना सीतापुर, 20 नवम्बर 2024 को रघुनाथपुर जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटा। परिजनों द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराने पर थाना कांसाबेल में गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई।
जांच के दौरान सामने आया कि अनिरुद्ध का मुड़ाटोली निवासी श्याम पैंकरा के परिवार की एक महिला से प्रेम संबंध था। इस रंजिश में श्याम पैंकरा ने अन्य चार आरोपियों—प्रदीप उर्फ पीलु साय, कुन्दन पैंकरा, गोलू राज पैंकरा, और उसके पिता दिलबंधु साय के साथ मिलकर अनिरुद्ध की बेरहमी से हत्या कर दी।
हत्या की रात, आरोपियों ने अनिरुद्ध को “पंप चोर” कहकर बहाने से पकड़ा, फिर पत्थरों से सिर पर हमला कर बेहोश कर दिया। जब वह जीवित मिला, तब टांगी से उसका गला काटकर शव को स्कॉर्पियो वाहन में लादकर जंगल ले जाया गया। वहाँ शव को जलाया गया और सिर को दूर एक गड्ढे में दफनाया गया।
सबूत मिटाने के प्रयास में आरोपियों ने मृतक के मोबाइल, कपड़े, जूते, और अन्य वस्तुओं को जलाकर नष्ट कर दिया। कुछ अवशेषों को जलाने के बाद नाले में बहा दिया गया।
पुलिस टीम ने अत्यंत प्रोफेशनल तरीके से कार्य करते हुए हत्या में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन, टांगी, फावड़ा, रस्सी, तिरपाल, मृतक के जले अवशेष समेत अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम में थाना प्रभारी कांसाबेल सुनील सिंह सहित साइबर, फॉरेंसिक व क्षेत्रीय पुलिसकर्मियों ने विशेष भूमिका निभाई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने बताया कि “एक ही गांव के 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर लिया गया है।” मामले की त्वरित जांच और सफलता पर पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा द्वारा टीम को नगद इनाम से सम्मानित किया गया है।












