कंटेनर से टकराए बाइक-सवार,गर्दन की हड्डी टूटी,सीने में लगी चोट: दोनों की हालत नाजुक, मनेंद्रगढ़ अस्पताल के डॉक्टरों ने समय पर इलाज कर बचाई जान – Manendragarh-Chirmiri-Bharatpur News
मनेंद्रगढ़ के जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल दो लड़कों की जान बचा ली। नेशनल हाईवे-43 पर हुए हादसे में दोनों की हालत बेहद नाजुक थी, लेकिन डॉक्टरों की तत्परता और सही समय पर किए गए इलाज से उन्हें नया जीवन मिला। फिलहाल दोनों युवक खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। दरअसल, सोमवार को नेशनल हाईवे-43 पर एक बाइक गैस पाइपलाइन के काम में लगे कंटेनर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए, जिनमें दो की हालत काफी गंभीर थी। हादसे के बाद दोनों बाइक सवार की हालत थी गंभीर घायलों में 15 वर्षीय विनीत इक्का के सिर में गंभीर चोट लगी थी और उसकी गर्दन की हड्डी टूट गई थी। अस्पताल पहुंचने पर उसे सांस लेने में भी दिक्कत हो रही थी। डॉक्टरों ने तुरंत उसकी गर्दन को सपोर्ट देकर सुरक्षित किया और इलाज शुरू कर उसकी हालत को संभाला। वहीं 22 वर्षीय अविनाश के सीने में गंभीर चोट आई थी। हादसे के बाद उसके शरीर के अंदर हवा भरने लगी थी, जिससे उसकी जान को खतरा था। डॉक्टरों ने तुरंत जरूरी मेडिकल प्रक्रिया अपनाकर उसके फेफड़ों पर पड़ रहा दबाव कम किया और उसकी जान बचाई। डेढ़ घंटे के भीतर दोनों मरीजों की हालत स्थिर डॉक्टरों का कहना है कि इस तरह के गंभीर मामलों का इलाज आमतौर पर मेडिकल कॉलेज स्तर के अस्पतालों में होता है। लेकिन मनेंद्रगढ़ जिला अस्पताल की टीम ने करीब डेढ़ घंटे के भीतर दोनों मरीजों की हालत स्थिर कर दी। इस इलाज में डॉ. राजीव गुप्ता, डॉ. विनीत विश्वकर्मा, ईएमटी मुकेश शर्मा, आकांक्षा और हर्ष की अहम भूमिका रही। स्वास्थ्य विभाग ने इस सफलता का श्रेय सीएमएचओ डॉ. अविनाश खरे के मार्गदर्शन और अस्पताल अधीक्षक डॉ. स्वप्निल तिवारी के नेतृत्व को दिया है। फिलहाल दोनों युवक खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। यह सफलता मनेंद्रगढ़ जिला अस्पताल में बेहतर होती स्वास्थ्य सेवाओं का एक अच्छा उदाहरण मानी जा रही है।
<












