विज्ञापन दें / सहयोग करें

छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट का बड़ा फैसला, कहा- मालिक की मृत्यु पर वारिसों से सर्विस टैक्स वसूली का प्रविधान नहीं

अदालत ने माना कि वैधानिक प्रविधान के अभाव में कर देनदारी स्वतः कानूनी वारिसों पर स्थानांतरित नहीं की जा सकती।

Publish Date: Sun, 26 Jul 2026 09:48:17 PM (IST)Updated Date: Sun, 26 Jul 2026 09:48:17 PM (IST)

जीएसटी-सर्विस टैक्स बकाया वसूली पर सीजी हाई कोर्ट की रोक।

HighLights

  1. जीएसटी-सर्विस टैक्स बकाया वसूली पर सीजी हाई कोर्ट की रोक
  2. कानूनी प्रावधान के बिना वारिसों को नोटिस जारी करना अवैध
  3. सुप्रीम कोर्ट के फैसले को बिलासपुर हाई कोर्ट ने बनाया आधार

नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। हाई कोर्ट ने सर्विस टैक्स की बकाया वसूली से जुड़े एक मामले में स्पष्ट किया है कि प्रोपराइटरशिप फर्म के मालिक की मृत्यु के बाद उसके कानूनी वारिसों के विरुद्ध मृतक की कर देनदारी की वसूली के लिए गार्निशी नोटिस या रिकवरी नोटिस जारी नहीं किया जा सकता। अदालत ने कहा कि जब संबंधित कानून में मृतक करदाता के कानूनी वारिसों से कर वसूली का कोई स्पष्ट वैधानिक प्रविधान नहीं है, तब ऐसी कार्रवाई कानून की कसौटी पर टिक नहीं सकती।

यह फैसला न्यायमूर्ति राकेश मोहन पांडे की एकलपीठ ने भिलाई निवासी देवन अनीषा की याचिका पर सुनवाई करते हुए सुनाया। अदालत ने माना कि वैधानिक प्रविधान के अभाव में कर देनदारी स्वतः कानूनी वारिसों पर स्थानांतरित नहीं की जा सकती।

दायर अपील खारिज हुई

मामले के अनुसार याचिकाकर्ता के पति स्व. महेंद्रन रूपेश नायडू एम/एस महेंद्रन रूपेश नायडू नाम से प्रोपराइटरशिप फर्म संचालित करते थे और सब-कॉन्ट्रैक्टर के रूप में काम करते थे। विभाग ने वित्तीय वर्ष 2013-14 के लिए 12 अक्टूबर 2018 को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। इसके बाद 30 जून 2020 को एसेसमेंट आदेश पारित कर 10 लाख 74 हजार 919 रुपये सर्विस टैक्स और इतनी ही राशि का जुर्माना निर्धारित किया गया। इसके खिलाफ दायर अपील भी खारिज हो गई।

इसी बीच करदाता महेंद्रन रूपेश नायडू का तीन मई 2023 को निधन हो गया। इसके बाद जीएसटी एवं केंद्रीय उत्पाद शुल्क विभाग ने 13 दिसंबर 2024 को उनकी पत्नी और उनके बैंक खातों के खिलाफ फाइनेंस एक्ट, 1994 की धारा 87(बी) और सीजीएसटी एक्ट की धारा 142 के तहत गार्निशी व रिकवरी नोटिस जारी कर दिया।

यह दिए गए तर्क

याचिकाकर्ता की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता नीलाभ दुबे ने तर्क दिया कि प्रोपराइटरशिप फर्म की कोई अलग कानूनी पहचान नहीं होती और मालिक की मृत्यु के बाद उसके कानूनी वारिसों से मृतक की सर्विस टैक्स देनदारी वसूलने के लिए फाइनेंस एक्ट में कोई वैधानिक व्यवस्था नहीं है।

वहीं विभाग की ओर से तर्क दिया गया कि कर मांग और आदेश मालिक के जीवित रहते पारित हो चुके थे, इसलिए बकाया राशि की वसूली कानूनी वारिसों से की जा सकती है।

यह भी पढ़ें- सूरजपुर में सरकारी शिक्षा व्यवस्था की खुली पोल… 9 में से 8 शिक्षक गायब, 1 के भरोसे चले दो स्कूल

सुप्रीम कोर्ट का फैसला बना आधार

हाई कोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के शबीना अब्राहम बनाम कलेक्टर ऑफ सेंट्रल एक्साइज एंड कस्टम्स के फैसले का हवाला देते हुए कहा कि सेंट्रल एक्साइज एक्ट और फाइनेंस एक्ट में मृत करदाता की देनदारी उसके कानूनी वारिसों से वसूलने के लिए आवश्यक वैधानिक प्रविधान नहीं है।

ऐसे में मृतक के कानूनी वारिसों के खिलाफ जारी रिकवरी या गार्निशी नोटिस को कायम नहीं रखा जा सकता। कोर्ट ने 13 दिसंबर 2024 को जारी रिकवरी और मांग नोटिस को निरस्त कर दिया तथा विभाग को निर्देशित किया कि मृतक की सर्विस टैक्स देनदारी की वसूली के लिए उसके कानूनी वारिसों के खिलाफ इस आधार पर कार्रवाई न की जाए।


Source link

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button