विधानसभा अध्यक्ष 350वें शहीदी दिवस कार्यक्रम में शामिल: गुरु तेग बहादुर जी को समर्पित श्लोक महला 9वां का सामूहिक पाठ – Rajnandgaon News
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह शनिवार को दिग्विजय स्टेडियम में आयोजित श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित सामूहिक श्लोक महला 9वां पठन कार्यक्रम में शामिल हुए। यह आयोजन गुरुजी संगत वेलफेयर सोसाइटी द्वारा किया गया था।
.
डॉ. रमन सिंह ने इस अवसर पर कहा कि नौवें सिख गुरु श्री गुरु तेग बहादुर जी एक महान योद्धा, आध्यात्मिक व्यक्तित्व और मातृभूमि के प्रति समर्पित थे, जिसके कारण उन्हें ‘हिंद दी चादर’ कहा जाता है। उन्होंने ऐसे व्यक्तित्व को नमन किया।
राजनांदगांव ने वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड में बनाया कीर्तिमान
उन्होंने बताया कि इस आयोजन ने स्टेट के वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड में कीर्तिमान स्थापित कर राजनांदगांव जिले को गौरवान्वित किया है। इसके लिए उन्होंने गुरुजी संगत वेलफेयर सोसाइटी के पदाधिकारियों, श्रद्धालुओं और राजनांदगांव के नागरिकों को बधाई दी। उन्होंने सभी समाज के लोगों की उपस्थिति को गौरवशाली क्षण बताया और आयोजन को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए शुभकामनाएं दीं।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि यह अवसर प्रेरणादायक है। हमें इससे सीखना है और आने वाली पीढ़ियों को समझाना है कि गुरु तेग बहादुर जी ने धर्म की रक्षा के लिए मुगलों के अत्याचार के खिलाफ संघर्ष करते हुए चुनौतीपूर्ण स्थितियों के बावजूद मजबूती से खड़े रहे। उन्होंने मानवता की रक्षा के लिए अपना बलिदान दिया। देश की एकता और अखंडता के लिए हमारे गुरुओं का बलिदान अद्भुत है।
इस कार्यक्रम में महापौर मधुसूदन यादव, पूर्व महापौर हेमा देशमुख, गुरुजी संगत वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष मोहन सिंह ढल्ला, कोमल सिंह राजपूत, खूबचंद पारख, सचिन बघेल, संतोष अग्रवाल, सैंकी बग्गा, बलदेव सिंह भाटिया, पद्मश्री पुखराज बाफना, एबीस ग्रुप के डायरेक्टर बहादुर अली सहित बड़ी संख्या में नागरिक और बच्चे उपस्थित थे।
<











