बलौदाबाजार के धान खरीदी केंद्रों पर मिलावट: वीडियो वायरल होने के बाद केंद्र पहुंची टीम, सैंपल लेकर जांच शुरू की, कहा- दोषी बख्शा नहीं जाएगा – baloda bazar News
बलौदाबाजार जिले के सिमगा और भाटापारा विकासखंड के धान उपार्जन केंद्रों पर धान में कंकड़ और मिट्टी मिलाने का मामला सामने आया है। इस अनियमितता से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिला प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है। यह घटना सिमगा विकासखंड के उपार्जन केंद्र कामता और भाटापारा विकासखंड के उपार्जन केंद्र निपानिया की बताई जा रही है। आरोप है कि इन केंद्रों पर खरीदे गए धान में अवैध रूप से कंकड़, मिट्टी और अन्य बाहरी तत्व मिलाकर सरकारी खरीदी प्रक्रिया में धोखाधड़ी की गई। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के सख्त निर्देश पर मामले की जांच के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है। प्रशासन ने इस गंभीर अनियमितता पर सख्त रुख अपनाया है। उपार्जन केंद्रों में धान के नमूने लेकर जांच शुरू की उपायुक्त सहकारिता उमेश गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि गठित जांच टीम रविवार को ही दोनों विवादित उपार्जन केंद्रों निपानिया और कामता पहुंच गई है। टीम ने मौके पर पहुंचकर धान के नमूने एकत्र किए और पूरे प्रकरण की बारीकी से पड़ताल शुरू कर दी है। गुप्ता ने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि धान खरीदी जैसी संवेदनशील प्रक्रिया में लापरवाही या मिलावट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रारंभिक जांच की गंभीरता को देखते हुए, जिला प्रशासन ने दोनों उपार्जन केंद्रों के प्रभारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में उनसे मामले में अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने को कहा गया है। प्रशासन का कहना है कि यदि जांच में केंद्र प्रभारियों की मिलीभगत या लापरवाही पाई जाती है, तो उनके खिलाफ भी कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सभी उपार्जन केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।
Source link











