बिलासपुर में रोड पर कबाड़ गाड़ियां खड़ी करने पर कार्रवाई: रायल मोटर्स सील, छह कारें जब्त; गैरेज संचालकों को चेतावनी – Bilaspur (Chhattisgarh) News
बिलासपुर में यातायात को सुगम बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम ने संयुक्त कार्रवाई
बिलासपुर में यातायात को सुगम बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम ने संयुक्त कार्रवाई की। गौरव पथ रोड स्थित रायल मोटर्स को सील कर दिया गया। गैरेज की कबाड़ गाड़ियां रोड पर रखने के कारण छह कारें क्रेन से उठाकर जब्त की गई।
.
ट्रैफिक पुलिस के एडिशनल एसपी रामगोपाल करियारे ने बताया कि रायल मोटर्स को कई बार समझाइश दी गई थी। नहीं मानने पर ट्रैफिक पुलिस ने एक चालू कार और निगम प्रशासन ने पांच बंद कारों को जब्त किया।
गैरेज संचालकों को मुख्य मार्ग पर वाहन खड़े नहीं करने की चेतावनी दी गई है। नियम तोड़ने पर 2000 रुपए जुर्माना लगेगा। संचालकों को गैरेज के सामने नो पार्किंग बोर्ड लगाने को कहा गया है। इसमें यातायात नियमों और जुर्माने की राशि का उल्लेख करना होगा।
सुगम यातायात के लिए लगातार कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में सुगम यातायात के लिए लगातार कार्रवाई हो रही है। रॉयल मोटर्स द्वारा अमेरी चौक गौरव पथ रोड पर बंद गाड़ियां खड़ी कर आवागमन बाधित किया जा रहा था। ट्रैफिक पुलिस ने सभी गैरेज संचालकों, सेकेंड हैंड वाहन विक्रेताओं और रिपेयरिंग करने वालों को बंद या खराब गाड़ियां सड़क पर न खड़ी करने की हिदायत दी है।
इमलीपारा रोड की दो दुकानें सील, 22 लाख बकाया
नगर निगम के कार्यपालन अभियंता अनुपम तिवारी ने बताया कि राजा रघुराज सिंह स्टेडियम के पीछे इमलीपारा रोड की दो दुकानों का किराया नहीं पटाने पर उसे सील कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि कबाड़ का व्यवसाय करने वाले अनिल पांडेय पर 22 लाख रुपए बकाया था।
नोटिस के बावजूद किराया और दुकान की नीलामी की कीमत जमा नहीं करने पर आज कबाड़ का सामान जब्त कर दुकानों को सील कर दिया गया। इमलीपारा रोड की दुकानें जिला फिजिकल कल्चरल सोसायटी के अंतर्गत आती है, और इसकी आय से स्टेडियम का संचालन किया जाता है।
जानिए रोड पर गाड़ी खड़ी करने पर कितना लगेगा जुर्माना ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, आम रोड पर गाड़ी खड़ी करने पर MV एक्ट की धारा 122/ 177 समन शुल्क 300 रुपए, वहीं नो पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने पर 117/177 समन शुल्क 300 रुपए, टोचन करके गाड़ी लाने पर MV एक्ट की धारा 127 (3) जुर्माना- कार का 200 एवं बाइक का 100 रुपए एवं 119 /77 यातायात नियमों का उल्लंघन करने 300 रुपया जुर्माना लगाया जाता है।
Source link











