फर्जी सशस्त्र बल का जवान बनकर नौकरी के नाम पर ठगी, बिलासपुर से आरोपी गिरफ्तार—जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
जशपुर — छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल का जवान बनकर नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले आरोपी को जशपुर पुलिस ने बिलासपुर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला थाना सिटी कोतवाली जशपुर का है।
पुलिस के अनुसार आरोपी पुन्नी लाल अनंत (27), निवासी ग्राम टाड़ा दर्रीकापा, थाना कोटा जिला बिलासपुर, जशपुर में किराए के मकान में रहकर खुद को सशस्त्र बल का सिपाही बताता था और वर्दी पहनकर कलेक्ट्रेट परिसर में घूमता था। इसी दौरान उसने दो महिलाओं को नौकरी दिलाने का झांसा दिया और एक महिला से दो लाख रुपये ठग लिए।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(2), 318(4) के तहत मामला दर्ज किया। फरार आरोपी को तकनीकी सहायता और मुखबिर की सूचना पर बिलासपुर से पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। उसके कब्जे से नौकरी के नाम पर लिए गए दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। कार्रवाई में सिटी कोतवाली पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि इस तरह की ठगी पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।









