चलती बाइक पर गिरा विशाल नीम का पेड़: धमतरी में दो बाइक सवार बाल-बाल बचे, हाईवे बाधित – Dhamtari News
धमतरी जिले में तेज आंधी-तूफान के दौरान एक बड़ा हादसा होने से बच गया। कुकरेल बस स्टैंड के पास स्टेट हाईवे पर चलती बाइक पर अचानक एक विशाल नीम का पेड़ गिर गया। स्थानीय लोगों की तत्परता से दोनों बाइक सवारों की जान बच गई। तेज आंधी-तूफान के कारण धमतरी-नगरी मार्ग पर स्थित कुकरेल बस स्टैंड के पास सड़क किनारे लगा एक पुराना नीम का पेड़ अचानक सड़क पर गिर गया। उसी समय वहां से गुजर रही एक बाइक इसकी चपेट में आ गई। बाल बाल बचे बाइक सवार पेड़ गिरते ही आसपास मौजूद ग्रामीणों और व्यापारियों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने बाइक सवार दोनों युवकों को पेड़ के नीचे से सुरक्षित बाहर निकाला। दोनों को हल्की चोटें आईं, जिन्हें इलाज दिया गया। स्टेट हाईवे पर यातायात एक घंटे बंद रहा पेड़ गिरने के कारण धमतरी-नगरी स्टेट हाईवे पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लगभग एक घंटे तक मार्ग बंद रहा। स्थानीय लोगों, व्यापारियों और राहगीरों की मदद से पेड़ को हटाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि पेड़ गिरने के समय सड़क पर ज्याद गाड़ियां होते या पेड़ कुछ सेकंड पहले या बाद में गिरता, तो एक बड़ा हादसा हो सकता था। लोगों की तत्परता और सहयोग से संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई। जर्जर पेड़ों की कटाई-छंटाई की मांग इस घटना के बाद तेज आंधी-तूफान के दौरान सड़क किनारे पुराने और जर्जर पेड़ों से खतरे की आशंका को देखते हुए प्रशासन से ऐसे पेड़ों की जांच और समय पर कटाई-छंटाई की मांग भी उठने लगी है। फिलहाल, दोनों घायल सुरक्षित हैं और मार्ग पर यातायात पूरी तरह बहाल कर दिया गया है।
Source link










