भिलाई में सेंट्रल एवेन्यू पर सुबह-सुबह भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई, 23 साल के युवक और 15 साल के किशोर की मौके पर मौत; दोनों सेक्टर-6 के रहने वाले थे – durg-bhilai News
भिलाई के सेंट्रल एवेन्यू रोड पर गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना जोरदार था कि कार सीधे सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही भिलाई नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को कार से बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक हादसा सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच हुआ। शुरुआती जानकारी के अनुसार कार सेक्टर-9 से सेक्टर-6 की ओर जा रही थी। इसी दौरान सेंट्रल एवेन्यू पर कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। यह मामला भिलाई नगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। दोनों कार सवार की हुई मौत
हादसे में 23 वर्षीय दीपक गुप्ता और 15 वर्षीय कौशिक दास की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों भिलाई के सेक्टर-6 के रहने वाले थे। हादसे की खबर मिलते ही उनके परिजन और परिचित अस्पताल पहुंच गए। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। कार कौन चला रहा था अभी स्पष्ट नहीं
फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि हादसे के समय कार कौन चला रहा था। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि ड्राइविंग सीट पर कौन था और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई। मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है। प्राथमिक जांच में तेज रफ्तार हादसे की एक वजह मानी जा रही है, हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
<











