विज्ञापन दें / सहयोग करें

एनटीपीसी तलईपल्ली में देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया 79वां स्वतंत्रता दिवस

घरघोड़ा। एनटीपीसी तलईपल्ली कोयला खनन परियोजना में 79वां स्वतंत्रता दिवस हर्ष और उत्साह के साथ मनाया गया। कोशल विहार आवासीय परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में परियोजना प्रमुख श्री अखिलेश सिंह ने ध्वजारोहण कर परेड का निरीक्षण किया तथा राष्ट्रगान के बाद डीजीआर सुरक्षा कर्मियों ने ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ प्रस्तुत किया।

मुख्य समारोह के पूर्व प्रशासनिक भवन, सामुदायिक भवन और बाल भवन में भी ध्वजारोहण किया गया। अपने संबोधन में श्री सिंह ने परियोजना की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए सुरक्षा, उत्कृष्टता और सतत विकास के प्रति अटूट प्रतिबद्धता पर बल दिया। उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2024-25 में परियोजना ने 110 लाख टन कोयला खनन और 103 लाख टन कोयला प्रेषण कर क्रमशः 46% व 47% की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है।

इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों को ‘पावर एक्सल अवार्ड’, ‘बिजनेस यूनिट हेड स्पेशल मेरिट अवार्ड’ और विजेताओं को ‘हेल्थ चैंपियन अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। तिलोत्तमा महिला समिति की अध्यक्षा श्रीमती संगीता सिंह की उपस्थिति में 26 मेधावी छात्र-छात्राओं को ‘उत्कर्ष मेरिट स्कॉलरशिप’ तथा बिच्छिनारा गांव की 3 बालिकाओं को ‘बालिका सशक्तिकरण अभियान 2025’ अंतर्गत सम्मानित किया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में समिति की सदस्याओं ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए, जबकि बाल भवन व डीएवी स्कूल के बच्चों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम में विभागाध्यक्षों, कर्मचारियों, महिला समिति की सदस्याओं, डीएवी स्कूल के प्राचार्य-शिक्षकों, सीएएफ कर्मियों, डीजीआर सुरक्षा सेवाओं और स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी रही। समारोह का समापन गुब्बारे उड़ाकर और खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के साथ हुआ, जिसने स्वतंत्रता दिवस के इस पर्व को अविस्मरणीय बना दिया।

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button