हरेक गन लाइसेंस की होगी जांच, पता चलेगा- चुनाव में कितने हथियार जमा होते हैं – Raipur News
राजधानी में कमिश्नरेट लागू होने के साथ ही गन लाइसेंस पर सख्ती शुरू हो गई है। पुलिस की अनुशंसा पर एक बार फिर सभी गन लाइसेंस लेने वालों की जांच की जाएगी। जिले में कितने लोगों के पास गन लाइसेंस है इसका भौतिक सत्यापन किया जाएगा। इससे यह भी पता चलेगा कि वर्तमान में कितने लोगों के पास गन है और चुनाव के समय कितने लोग हथियार जमा कराते हैं। इसके अलावा ऐसे कौन लोग हैं जिन्होंने गन लाइसेंस का नवीनीकरण नहीं कराया है, लेकिन उनके पास गन अभी भी है। गन लाइसेंस लेने के लिए सभी प्रक्रिया ऑनलाइन कर दी गई है। नए लाइसेंस के साथ ही पहली बार ऐसा हो रहा है कि नवीनीकरण और हथियारों के ट्रांसफर या स्टेट बढ़ाने के आवेदन भी ऑनलाइन ही होंगे। इसके लिए केंद्र सरकार की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा रायपुर में 1927 लाइसेंस राज्यभर में करीब 13242 लोगों को गन लाइसेंस जारी किए गए हैं। इसमें सबसे ज्यादा रायपुर जिले में 1927 लोगों को लाइसेंस जारी किया गया है। 2025 में 85 से ज्यादा लोगों ने नए लाइसेंस के लिए आवेदन किया था, जिसमें केवल 25 को ही लाइसेंस दिया गया था। गन लाइसेंस लेने वालों में सबसे ज्यादा नेता, ठेकेदार, सुरक्षा गार्ड, निशानेबाज खिलाड़ी और कारोबारी शामिल हैं। गन लाइसेंस के लिए हर महीने 12 से 15 नए आवेदन मिल रहे हैं। अब लाइसेंस के लिए समय कम लगेगा
अफसरों का दावा है कि नई डिजिटल प्रक्रिया से गन लाइसेंस लेने के लिए समय कम लगेगा। डिजिटल सिस्टम से फाइलों के गुम होने या खोजने जैसी समस्याएं नहीं होंगी। गन लाइसेंस का नवीनीकरण भी इसी पोर्टल से ही होगा। हथियारों के ट्रांसफर के लिए ऑफलाइन आवेदन लिए जाते थे, लेकिन अब ऐसा नहीं किया जा रहा है। आवेदन ऑनलाइन ही करेंगे, लेकिन दस्तावेजों की जांच ऑफलाइन होगी। ऐसे करें आवेदन, ये होगी प्रक्रिया : नए गन लाइसेंस के लिए आवेदन केंद्र सरकार के पोर्टल https://www.ndal-alis.gov.in पर करना होगा। आवेदक अपनी आईडी बनाकर इस वेबसाइट में आवेदन कर सकता है। ऑनलाइन आवेदन करने के बाद जरूरत पड़ने पर दस्तावेजों की जांच के लिए बुलाया जा सकता है। ऐसे में एडीएम कार्यालय जाकर दस्तावेज दिखाने होंगे। पुलिस टीम घर जाकर व्यक्ति का सत्यापन करेगी और पड़ोसियों का बयान भी लेगी। पुलिस आपराधिक रिकॉर्ड की जांच करने के बाद जांच रिपोर्ट पोर्टल पर अपलोड होगी। गन लाइसेंस जारी करना है या नहीं इस पर अंतिम फैसला कलेक्टर ही लेंगे। सत्यापन किया जा रहा
गन लाइसेंस के लिए अब सभी काम ऑनलाइन ही हो रहे हैं। एक बार ऑनलाइन आवेदन मिलने के बाद दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन किया जाता है। लाइसेंस मांगने वाले की भी पूरी जांच की जाती है।
उमाशंकर बांदे, एडीएम और नोडल अधिकारी रायपुर
<










