छत्तीसगढ़ में भारी से ज्यादा भारी बारिश का रेड अलर्ट; इन जिलों में टूटकर बरसेंगे बदरा
छत्तीसगढ़ में मॉनसून एक्टिव हो चुका है। कई जिलों में लगातार बारिश देखी जा रही है। मौसम विभाग ने राज्य के अलग-अलग हिस्सों में गरज चमक के साथ भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।
छत्तीसगढ़ में मॉनसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। राज्य के कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान कुछ जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। बिलासपुर और बस्तर संभाग में जोरदार बारिश दर्ज की गई है। अगले 2 दिनों के दौरान मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में झमाझम बारिश की संभावना है। भारी बारिश से जलभराव, फिसलन और बाढ़ जैसी स्थितियां बनने की आशंका है।
मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटे के दौरान बिलासपुर और बस्तर संभाग के कई जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई है। हालांकि, छत्तीसगढ़ में अब तक मौसमी बारिश सामान्य से 46 फीसदी कम रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 2 दिनों के दौरान मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के अनेक जिलों में बारिश की गतिविधियां और तेज होंगी।
इन जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान; रायपुर, दुर्ग, बलौदाबाजार, राजनांदगांव, बेमेतरा, महासमुंद, बालोद, धमतरी, गरियाबंद तथा सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी से ज्यादा भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में जोरदार बारिश का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान ही कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, कांकेर, नारायणपुर, कोंडागांव, बस्तर, दंतेवाड़ा और बिलासपुर संभाग के अन्य जिलों में गरज चमक के साथ जोरदार बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट
मौसम विभाग की ओर से सुकमा, बीजापुर और जशपुर जिलों में एक-दो स्थानों पर तेज बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में जमकर बरसेंगे बदरा, रेड अलर्ट
IMD की ओर से अगले 48 घंटों के लिए जारी पूर्वानुमान में कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही तथा मुंगेली जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में बहुत तेज बारिश होने का अनुमान लगाया गया है।
इन जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
अगले 48 घंटों के दौरान ही बिलासपुर, बेमेतरा, दुर्ग, बालोद, नारायणपुर, बीजापुर, कोरबा, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरिया और कांकेर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं रायपुर, बलरामपुर, सरगुजा और सूरजपुर जिलों में एक-दो स्थानों पर तेज बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने तेज बारिश के संभावित प्रभावों को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। मौसम विभाग के अनुसार, लगातार बारिश से कई स्थानों पर सड़कें फिसलनभरी हो सकती हैं तथा जलभराव के कारण प्रमुख शहरों में यातायात प्रभावित होने और यात्रा की अवधि बढ़ने की आशंका है। इसके अलावा दृश्यता कम होने, निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बनने, नहरों पर बने निचले पुलों को बंद करने तथा खेतों में जलभराव की संभावना भी व्यक्त की गई है।
<












