मशहूर पंडवानी गायिका तीजन बाई के नाम पर रखा जाएगा सरकारी स्कूल का नाम, छत्तीसगढ़ के मंत्री का ऐलान
छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोककथा गायन शैली पंडवानी को विश्व स्तर पर पहचान दिलाने वाली प्रख्यात लोकगायिका तीजन बाई का रविवार को निधन हो गया।
छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने रविवार को घोषणा की कि मशहूर पंडवानी गायिका तीजन बाई के सम्मान में उनके पैतृक गांव के एक सरकारी स्कूल का नाम उनके नाम पर रखा जाएगा। छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोककथा गायन शैली पंडवानी को विश्व स्तर पर पहचान दिलाने वाली प्रख्यात लोकगायिका तीजन बाई का रविवार को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वह 70 साल की थीं।
यादव ने दुर्ग जिले के उनके पैतृक गांव गनियारी में उनके घर जाकर उनके पार्थिव शरीर पर फूल चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी और शवयात्रा और अंतिम संस्कार में शामिल हुए । मंत्री ने शोक सभा को संबोधित करते हुए घोषणा की कि गांव के सरकारी उच्च माध्यमिक विद्यालय का नाम बदलकर डॉ. तीजन बाई सरकारी उच्च माध्यमिक विद्यालय, गनियारी कर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह फैसला मशहूर लोक कलाकार को सच्ची श्रद्धांजलि है और उनके शानदार जीवन, संघर्षों एवं छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को बचाने और बढ़ावा देने में उनके अहम योगदान से आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा मिलेगी।
पूरी दुनिया में पंडवानी को दिलाई पहचान
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के एक गांव में 1960 के दशक के अंत में जब 13 साल की तीजन बाई ने एक अस्थायी मंच पर महाभारत की कथाएं सुनाईं, तब शायद ही किसी ने सोचा होगा कि आदिवासी समुदाय की यह लड़की, जिसे कभी सबके सामने गाने-बजाने की वजह से समाज से अलग-थलग कर दिया गया था, एक दिन राज्य की पारंपरिक लोककथा गायन शैली ‘पंडवानी’ को पूरी दुनिया में पहचान दिलाएगी।
लंबी बीमारी के निधन
मंच पर तंबूरे के साथ शानदार प्रस्तुति देने के लिए विख्यात तीजन बाई ने लोककथा कहने की कला को रंगमंच का रूप दे दिया। उनकी दमदार आवाज, शानदार हाव-भाव और प्रभावी उपस्थिति ने महाभारत के हर किरदार में जान डाल दी। मशहूर पंडवानी कलाकार तीजन बाई का लंबी बीमारी के बाद रविवार को रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में निधन हो गया। वह 70 साल की थीं।
तीजन बाई अपने पीछे एक ऐसी विरासत छोड़ गई हैं, जिसने एक प्राचीन लोककथा गायन शैली (पंडवानी) को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मशहूर लोककला में तब्दील कर दिया। ‘पंडवानी’ यानी “पांडवों की आवाज” महाभारत के किस्सों को नाटकीय शैली, गायन और वाद्य संगीत के साथ प्रस्तुत करने वाली एक विशिष्ट लोककला है।
<













