छत्तीसगढ़ में फिर ऐक्टिव हुआ मॉनसून; इन 4 जिलों में जोरदार बारिश का येलो अलर्ट
छत्तीसगढ़ में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक छत्तीसगढ़ के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी जारी की है। अगले 24 घंटे के दौरान किन जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। जानें…
छत्तीसगढ़ में करीब 3 दिन की सुस्ती के बाद मॉनसून ने फिर रफ्तार पकड़ी है। मौसम विभाग ने अगले 4 दिनों तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। उत्तर छत्तीसगढ़ में कुछ जगहों पर झंझावात के साथ आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है। गुरुवार को अधिकांश जिलों में बारिश संभव है। कुछ जिलों में गरज चमक के साथ जोरदार बारिश का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान सूबे के अधिकांश क्षेत्रों में बादल छाए रहने और चार जिलों में गरज चमक के साथ जोरदार बारिश की चेतावनी दी है। IMD ने जशपुर, बलरामपुर, रायगढ़ और कोरबा जिलों में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा कई अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान तेज हवाएं भी चलेंगी।
मौसम विभाग ने कल यानी 10 जुलाई को राज्य के अलग-अलग जिलों में गरज चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की चेतावनी जारी की है। कुछ जगहों पर मध्यम बारिश भी देखी जा सकती है। मौसम विभाग की मानें तो राज्य के अलग-अलग हिस्सों में अगले 4 दिनों तक गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, छत्तीसगढ़ में 1 जून से 8 जुलाई तक औसतन 239.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि की सामान्य बारिश 286.7 मिलीमीटर है। इस प्रकार राज्य में अब तक 17 फीसदी कम बारिश हुई है।
कहां कितनी बारिश?
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में सर्वाधिक 450.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई जो सामान्य से 84 फीसदी अधिक है। इसके अलावा दंतेवाड़ा, मुंगेली, सक्ती, महासमुंद, रायपुर और जांजगीर-चांपा में भी सामान्य से अधिक बारिश हुई है।
वहीं, सरगुजा में सबसे कम 144.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई जो सामान्य से 53 फीसदी कम है। कांकेर में सामान्य से 48 फीसदी, जशपुर में 43 फीसदी, कोरिया में 36 फीसदी और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में 32 फीसदी कम बारिश हुई है। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
13 जुलाई तक होगी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, 9 से 13 जुलाई के दौरान छत्तीसगढ़ में कहीं-कहीं आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना जताई है। 10 से 12 जुलाई के दौरान छत्तीसगढ़ में कहीं-कहीं भारी बारिश भी देखी जा सकती है। मौसम विभाग की मानें तो दक्षिण-पश्चिम मॉनसून राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के बाकी हिस्सों में भी आगे बढ़ गया है। अगले 48 घंटे के दौरान उत्तराखंड में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
<













