धमतरी में कांग्रेस ने भाजपा को कालनेमि बताया: राममंदिर चढ़ावे को लेकर धमतरी में कहा-राम के नाम पर लूट कर रही भाजपा – Dhamtari News
छत्तीसगढ़ के धमतरी में कांग्रेस पार्टी ने मंदिर चोरी के मामले को लेकर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पाठ्यपुस्तक निगम के पूर्व अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने मीडिया से बात करते हुए भाजपा को ‘कलयुगी कालनेमि’ बताया। उन्होंने भाजपा पर राम के नाम पर राजनीति करने का आरोप भी लगाया। त्रिवेदी ने कहा कि भगवान राम में सभी की आस्था है, और छत्तीसगढ़ में तो भगवान राम को भांचा (भानजा) माना जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर के लिए जुटाए गए चढ़ावे और चंदे की ‘लूट’ हुई है, और यह एक राजनीतिक लूट है। 30 साल तक मंदिर के नाम पर राजनीति कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि राम मंदिर बनने से पहले भाजपा नेताओं और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने वाहनों में रखकर राम शिलाएं निकाली थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा, विश्व हिंदू परिषद और संघ परिवार ने 30 साल तक मंदिर के नाम पर राजनीति की और श्री राम मंदिर आंदोलन के सहारे सत्ता हासिल करने में कामयाब रहे। त्रिवेदी ने कहा कि यह केवल पैसे का मामला नहीं है, बल्कि लोगों की आस्था और विश्वास को लूटा गया है, और उनकी भावनाओं के साथ विश्वासघात किया गया है। कांग्रेस ने कभी राम का राजनीतिक लाभ नहीं उठाया त्रिवेदी ने भाजपा नेताओं द्वारा कांग्रेस पर राम को न मानने के आरोपों का भी जवाब दिया। उन्होंने याद दिलाया कि महात्मा गांधी अपनी हर प्रार्थना में ‘रघुपति राघव राजा राम पतित पावन सीताराम’ भजन गाते थे, और जब उन्हें गोली लगी तो उनके मुंह से ‘हे राम’ निकला था। उन्होंने जोर देकर कहा कि कांग्रेस ने कभी इसका राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश नहीं की। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी ने भगवान राम का सबसे अधिक राजनीतिक दोहन किया है। उन्होंने गोस्वामी तुलसीदास का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें कलयुग में ऐसे लोगों के आने का आभास था, इसीलिए उन्होंने रामचरितमानस में कालनेमि की कथा लिखी थी, जिसका हनुमान जी ने वध कर लक्ष्मण की जान बचाई थी।
<













