राजनांदगांव में स्पेस एजुकेशन लैब और प्लैनेटेरियम का उद्घाटन: रमन सिंह ने प्रवेशोत्सव में की घोषणाएं,अंग्रेजी माध्यम में कॉमर्स शुरू होगा,स्कूल में बनेगा स्थायी डोम – Rajnandgaon News
राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने शनिवार को राजनांदगांव स्थित पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी एवं हिन्दी माध्यम विद्यालय में आयोजित जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने स्पेस एजुकेशन लैब
.
डीएमएफ (DMF) मद से 25-25 लाख रुपये की लागत से तैयार स्पेस एजुकेशन लैब और प्लैनेटेरियम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा और नवाचार की भावना विकसित करना है। इन सुविधाओं के माध्यम से छात्र आधुनिक डिजिटल प्रोजेक्शन सिस्टम की सहायता से खगोल विज्ञान, रॉकेट साइंस, चंद्रयान-3, मंगलयान, इसरो की उपलब्धियों तथा सूर्य और चंद्र ग्रहण जैसी खगोलीय घटनाओं की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
6,100 बालिकाओं को मिलेगी साइकिल
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. रमन सिंह ने बताया कि जिले में कुल 6,100 बालिकाओं को नि:शुल्क साइकिलें वितरित की जा रही हैं। शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में 120 छात्राओं को साइकिलें प्रदान की गईं। उन्होंने बताया कि पहली से आठवीं तक के 82,358 विद्यार्थियों को नि:शुल्क गणवेश और पाठ्यपुस्तकें तथा नौवीं-दसवीं के 23,275 विद्यार्थियों को मुफ्त पुस्तकें उपलब्ध कराई जा रही हैं।
स्कूल के लिए दो बड़ी घोषणाएं
डॉ. रमन सिंह ने बख्शी स्कूल के लिए दो महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि इसी शैक्षणिक सत्र से विद्यालय में अंग्रेजी माध्यम में कॉमर्स विषय की पढ़ाई शुरू की जाएगी। इसके साथ ही स्कूल परिसर में प्रार्थना सभा और अन्य आयोजनों के लिए स्थायी डोम का निर्माण कराया जाएगा।
मोबाइल छोड़ पढ़ाई पर दें ध्यान
अपने संबोधन में विधानसभा अध्यक्ष ने महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। उन्होंने भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम की उपकप्तान बनीं राजनांदगांव की खिलाड़ी महक नरवासे का विशेष उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को उनसे प्रेरणा लेने की सलाह दी।
उन्होंने छात्रों से कहा कि वे सोशल मीडिया और मोबाइल पर रील्स बनाने में समय बर्बाद करने के बजाय अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करें। उन्होंने बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राजनांदगांव में 18 से 20 करोड़ रुपये की लागत से ‘नालंदा परिसर’ लाइब्रेरी का निर्माण किया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों को महंगी किताबें खरीदने की आवश्यकता नहीं होगी।
खेल सुविधाओं का भी विस्तार
विद्यालय परिसर में शिक्षा के साथ-साथ खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए संभाग स्तरीय बॉक्सिंग रिंग और तीरंदाजी की सुविधाएं भी शुरू की गई हैं। कार्यक्रम में महापौर मधुसूदन यादव, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
<












