दीपका में शराब दुकान शिफ्टिंग का विरोध तेज: स्कूल, मंदिर, पेट्रोल पंप, रिहायशी इलाके में दुकान खोलने पर आपत्ति,कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन – Korba News
कोरबा के दीपका में शराब दुकान के प्रस्तावित स्थानांतरण को लेकर स्थानीय लोगों का विरोध शुरू हो गया है। नगर पालिका परिषद दीपका के अंतर्गत पाली रोड स्थित शराब दुकान को तहसील रोड स्थित गोवरघोरा वार्ड क्रमांक-1 में स्थानांतरित करने की योजना के खिलाफ वार्ड पार्षद कमलेश कुमार जायसवाल ने कलेक्टर कोरबा को आपत्ति पत्र सौंपा है। पार्षद ने अपने ज्ञापन में कहा है कि घनी आबादी वाले वार्ड में शराब दुकान खोले जाने से क्षेत्र की शांति और कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। उन्होंने विशेष रूप से अनुसूचित जाति और जनजाति समुदाय के निवासियों की सुरक्षा और हितों पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका जताई है। स्कूल के पास दुकान खोलने पर आपत्ति ज्ञापन में बताया गया है कि प्रस्तावित स्थल प्राथमिक शाला बिंझवार पारा से करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित है। ऐसे में शराब दुकान खुलने से स्कूली बच्चों के वातावरण और भविष्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। गैस एजेंसी और पेट्रोल पंप भी नजदीक पार्षद ने सुरक्षा संबंधी चिंताएं भी उठाई हैं। उनके अनुसार प्रस्तावित स्थान से लगभग 100 मीटर दूर गैस एजेंसी और 200 मीटर दूर पेट्रोल पंप स्थित है। ज्वलनशील प्रतिष्ठानों के समीप शराब दुकान संचालित होने से किसी बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। धार्मिक आस्था और शासकीय कार्य प्रभावित होने की आशंका ज्ञापन में कहा गया है कि प्रस्तावित स्थल तहसील कार्यालय के निकट है, जिससे प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो सकते हैं। इसके अलावा समीप स्थित आदिशक्ति मां मरकी माता मंदिर और स्थानीय देवस्थल ढोढ़ी के कारण धार्मिक भावनाएं आहत होने की संभावना भी जताई गई है। महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा उठाया पार्षद ने कहा कि वार्ड-1 पूरी तरह रिहायशी क्षेत्र है। यहां शराब दुकान खुलने से महिलाओं और युवतियों के सुरक्षित आवागमन पर असर पड़ सकता है तथा सामाजिक माहौल बिगड़ने की आशंका है। आंदोलन की चेतावनी कमलेश जायसवाल ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि स्थानीय लोगों की भावनाओं को नजरअंदाज कर शराब दुकान का स्थानांतरण किया गया, तो वार्डवासी सड़क पर उतरकर आंदोलन और चक्काजाम करेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। इस संबंध में भेजे गए आपत्ति पत्र की प्रतियां दीपका तहसीलदार और नगर पालिका परिषद दीपका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को भी प्रेषित की गई हैं।
<









